पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के तहत सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए हुए मतदान के दौरान राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजेश्वर सिंह ने सवाई माधोपुर और गंगापुर सिटी पंचायत समिति क्षेत्रों के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मच्छीपुरा, मैनपुरा और अजनोटी सहित अन्य मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था तथा मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया के शांतिपूर्ण संचालन पर संतोष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन की ओर से किए गए प्रबंधों की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान राज्य निर्वाचन आयुक्त ने मतदान कार्मिकों, मतदाताओं और प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मतदान दलों के सदस्यों से उनके कार्य-दायित्वों और भूमिकाओं के संबंध में चर्चा की तथा पूरी सतर्कता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मतदाताओं की पहचान का समुचित सत्यापन, व्यवस्थित प्रवेश एवं निकास, भीड़ नियंत्रण और मतदान केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने देने पर विशेष जोर दिया।
श्री सिंह ने मतदान केंद्रों पर मतदान दलों के सदस्यों के लिए स्थानीय प्रशासन की ओर से की गई ठहरने, भोजन-पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था की भी जानकारी ली। मतदान कार्मिकों द्वारा सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने की पुष्टि किए जाने पर उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना की।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने जिला निर्वाचन अधिकारी श्री काना राम और पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्येष्ठा मैत्रेयी से जिले में निर्वाचन प्रक्रिया तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर तैनात पुलिस जाब्ते, मतदान दलों की व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों से उन्हें अवगत कराया।
श्री सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को भयमुक्त वातावरण में मतदान सुनिश्चित करने तथा मतदान समाप्ति के बाद निर्वाचन सामग्री जमा होने तक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षक श्री ब्रजेश कुमार चांदोलिया, मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री मोहित कासनिया, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संजय शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर गंगापुर सिटी श्री सुदर्शन सिंह, एसीईओ श्री शैलेन्द्र सिंह सहित संबंधित प्रशासनिक, निर्वाचन एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
