पुष्कर। विश्व प्रसिद्ध पुष्कर मेला 2026 का मंगलवार को पारंपरिक ध्वजारोहण के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत ने मेला मैदान में विधिवत ध्वजारोहण कर मेले के शुभारंभ की घोषणा की। इस अवसर पर संभागीय आयुक्त श्री शक्ति सिंह राठौड़, पुलिस महानिरीक्षक डॉ. रवि, जिला कलक्टर श्री लोक बंधु और पुलिस अधीक्षक श्री हर्ष वर्धन अगरवाला सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि पुष्कर मेला राजस्थान की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और पर्यटन विरासत का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि पुष्कर कॉरिडोर की डीपीआर तैयार हो चुकी है और निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुछ कार्य जल्द शुरू किए जाएंगे, जबकि अन्य कार्यों के कार्यादेश भी शीघ्र जारी होंगे। इससे पुष्कर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए करोड़ों रुपये की लागत से मोर सागर में जल उपलब्ध कराया जाएगा। ईआरसीपी के माध्यम से भी राजस्थान की जल संरचना में व्यापक बदलाव की दिशा में काम किया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पुष्कर मेले को वैश्विक पहचान दिलाने और तीर्थराज पुष्कर को अंतरराष्ट्रीय तीर्थ पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए दीर्घकालिक योजनाओं पर काम कर रही है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों से स्वच्छता एवं अनुशासन बनाए रखने तथा मेले को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
वैदिक मंत्रोच्चार और नगारों की गूंज से हुआ शुभारंभ
शुभारंभ समारोह में ज्योतिषाचार्य पंडित कैलाशनाथ दाधीच के आचार्यत्व में वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद ध्वजारोहण के साथ अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त नगाड़ा वादक श्री नाथूलाल सोलंकी और उनके दल ने शानदार नगाड़ा वादन प्रस्तुत किया। जल संसाधन मंत्री ने भी नगाड़ा वादन में ताल मिलाई।
इस अवसर पर ब्राजील की सिल्विया कैबरल ने राजस्थानी लोकगीत प्रस्तुत किया। वहीं पारंपरिक वेशभूषा में सजी 100 से अधिक बालिकाओं ने सामूहिक लोकगीत और नृत्य की प्रस्तुति दी। पणिहारी और म्हारो प्यारो राजस्थान सहित विभिन्न लोकगीतों पर हुई प्रस्तुतियों ने राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक पेश की।
विदेशी टीम ने फुटबॉल मैच में 5-1 से दर्ज की जीत
मेला मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आगाज हुआ। स्थानीय और विदेशी टीमों के बीच फुटबॉल मैच आयोजित किया गया, जिसका शुभारंभ मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत ने टॉस कर किया। मुकाबले में विदेशी टीम ने स्थानीय टीम को 5-1 से हराया।
राजस्थान पुलिस अकादमी के घुड़सवारों ने भी अश्व प्रदर्शन के तहत स्टैंडिंग सैल्यूट, टेंट पैकिंग, शो जंपिंग और म्यूजिकल हॉर्स राइड जैसी रोमांचक प्रस्तुतियां दीं।
सुरक्षा और सुविधाओं के लिए प्रशासन ने किए विशेष इंतजाम
उपखंड अधिकारी एवं मेला मजिस्ट्रेट श्री गुरु प्रसाद तंवर ने बताया कि मेले के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस के शिविर स्थापित किए गए हैं। तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की सुविधा के लिए सरोवर क्षेत्र तथा मेला स्थल पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
समारोह में अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. अभिषेक गोयल, पशुपालन विभाग के मेला अधिकारी डॉ. नवीन परिहार सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
