जोधपुर में पेट्रोल पंपों के पांच नोजल बंद

👁 1 Views

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देश और विभागीय मंत्री श्री सुमित गोदारा के निरीक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को विधिक माप विज्ञान विभाग ने जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पेट्रोल-डीजल वितरण व्यवस्था, डिस्पेंसिंग यूनिट (नोजल), माप उपकरणों के सत्यापन और उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा में ईंधन उपलब्ध कराने की जांच की गई। अनियमितताएं पाए जाने पर पांच नोजल बंद कर दिए गए और कुल 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

दो पेट्रोल पंपों पर मिली शॉर्ट डिलीवरी की अनियमितता

निर्धारित मात्रा से कम पेट्रोल देने यानी शॉर्ट डिलीवरी की जांच के लिए पांच लीटर क्षमता वाले प्रमाणित माप पात्र का उपयोग किया गया। जांच में गणेशीलाल एंड संस और सूर्यनगरी पेट्रोलियम पर अनियमितताएं सामने आईं। इसके बाद दोनों पेट्रोल पंपों के कुल पांच नोजल बंद कर दिए गए।

विधिक माप विज्ञान अधिनियम और राजस्थान विधिक माप विज्ञान प्रवर्तन नियमों के तहत दोनों पेट्रोल पंपों पर कुल 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

दो पेट्रोल पंपों पर व्यवस्था मिली नियमानुसार

अभियान के दौरान केके फिलिंग और वीआर फिलिंग की भी जांच की गई। अधिकारियों के अनुसार, यहां व्यवस्थाएं नियमानुसार पाई गईं।

विभागीय अधिकारियों ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा में पेट्रोल और डीजल उपलब्ध कराएं तथा सभी डिस्पेंसिंग यूनिट का समय पर सत्यापन करवाएं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि माप में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *