राजस्थान राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, उदयपुर के सभागार में महिला सशक्तीकरण पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने के साथ उनके कानूनी अधिकारों और महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मीरा गर्ल्स कॉलेज, उदयपुर और रेजीडेंसी गर्ल्स स्कूल की छात्राओं के साथ राजीविका से जुड़े स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्यों तथा महिला अधिकारिता विभाग की साथिनों ने भाग लिया। इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों की ओर से अपने उत्पादों और मसालों की आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई।
महिला अधिकारों से जुड़े POSH और POCSO कानूनों पर विषय विशेषज्ञ डॉ. गायत्री तिवारी तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती चेतना भाटी ने विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद वरिष्ठ लेखाधिकारी महिमा पचार ने इन विषयों पर प्रश्नोत्तरी आयोजित की। इसमें छात्राओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सही उत्तर देने वाली प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि देवस्थान एवं जनजाति क्षेत्रीय विकास (TAD) विभाग की आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी ने अपने संबोधन में महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता पर जोर दिया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के प्रयासों की सराहना करते हुए छात्राओं को अपने लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उदयपुर पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहान, IPS ने महिला सुरक्षा के प्रति पुलिस प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने छात्राओं से बिना किसी झिझक के पुलिस हेल्पलाइन और उपलब्ध कानूनी प्रावधानों का उपयोग करने का आह्वान किया।
शांति एवं अहिंसा विभाग के निदेशक श्री अजय असवाल ने कहा कि महिलाओं के समग्र सशक्तीकरण के लिए उनका शिक्षित, आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना आवश्यक है। महिलाओं को अपने विचार और निर्णय प्रस्तुत करने में भी संकोच नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सशक्तीकरण राष्ट्र को सशक्त बनाने के लिए अनिवार्य है।
इस अवसर पर रानी लक्ष्मीबाई पर आधारित लघु वृत्तचित्र का प्रदर्शन भी किया गया। शांति निदेशालय की ओर से मीरा गर्ल्स कॉलेज की वक्ता छात्राओं और कलिका टीम को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
