वीबी-जी राम जी योजना की समीक्षा बैठक

👁 1 Views

वीबी-जी राम जी योजना के तहत कन्वर्जेंस कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए गुरुवार को शासन सचिवालय स्थित पंचायती राज हॉल में विभिन्न विभागों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ग्रामीण विकास विभाग के शासन सचिव श्री कृष्ण कुणाल ने की।

बैठक में योजना के तहत अनुमत 375 प्रकार के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। इन कार्यों को जल सुरक्षा, ग्रामीण आधारभूत संरचना, आजीविका संवर्धन तथा आपदा प्रबंधन एवं जलवायु अनुकूलन की चार प्रमुख श्रेणियों में विभाजित किया गया है। विभिन्न विभागों के समन्वय से इन कार्यों को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने पर चर्चा की गई।

बैठक में अमृत पोषण वाटिका, ग्रामीण हाट बाजार, पुस्तकालय एवं अटल ज्ञान केंद्र, अमृत संजीवनी पार्क, नर्सरी, अतिरिक्त कक्षा-कक्ष, सामुदायिक शौचालय, जलग्रहण विकास कार्य, पशु चिकित्सालय, पशु आश्रय स्थल और चारा उत्पादन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को ग्राम पंचायत विकास योजना में शामिल कर क्रियान्वित करने के निर्देश दिए गए।

शासन सचिव श्री कृष्ण कुणाल ने संबंधित विभागों को स्वीकृत कार्यों के लिए आवश्यक तकनीकी सहयोग, वित्तीय अभिसरण और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागों के आपसी समन्वय से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, जल सुरक्षा को मजबूती तथा आजीविका के नए अवसरों का सृजन संभव होगा।

बैठक में जल संसाधन, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन, स्कूल शिक्षा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, कृषि एवं उद्यानिकी, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, पंचायती राज, सहकारिता, जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), राजीविका तथा प्रधानमंत्री आवास योजना सहित 17 विभागों के नोडल अधिकारियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर वीबी-जी राम जी की आयुक्त श्रीमती पुष्पा सत्यानी, शिक्षा विभाग की संयुक्त सचिव श्रीमती मुन्नी मीणा, मत्स्य विभाग की निदेशक श्रीमती संचिता बिश्नोई, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के मुख्य अभियंता श्री बी.एस. शेखावत, वीबी-जी राम जी के अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री अरविंद सक्सेना तथा अधिशासी अभियंता श्री संजय खंडेलवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *