संगीत से जुड़ें युवा पीढ़ी : देवनानी

👁 1 Views

विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि संगीत में अद्भुत शक्ति है और यह मानव जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। भारतीय संगीत से युवा पीढ़ी को जोड़ने का प्रयास सराहनीय है। इससे युवा पीढ़ी हमारी सांस्कृतिक परंपराओं और विरासत को आगे बढ़ा सकेगी।

श्री देवनानी ने गुरुवार को जवाहर कला केंद्र में प्रसार भारती के तत्वावधान में आकाशवाणी, जयपुर द्वारा आयोजित ‘राइजिंग स्टार सेशन-प्रथम’ युवा संगीत कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर श्री आर.एन. मीना, सतीश देपाल, श्री महेंद्र कुमार मीना, सुरेश मीणा और गौरव यादव ने शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विरासत अत्यंत समृद्ध है। संगीत हमारी संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का अभिन्न अंग है। देश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें उचित मंच, मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराने की है। ‘राइजिंग स्टार’ जैसे आयोजन युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि आधुनिकता के साथ युवा पीढ़ी का अपनी सांस्कृतिक जड़ों और परंपराओं से जुड़े रहना समय की आवश्यकता है। संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मकता, एकाग्रता, संवेदनशीलता और एकता का संदेश देने का सशक्त माध्यम भी है।

कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले युवा कलाकार प्रखर जोजन, मोहम्मद सोहैल साबरी, प्रिया सैनी और शाहरुख खान मेवाती को श्री देवनानी ने स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी कलाकारों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

श्री देवनानी ने आकाशवाणी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन देश की कला और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *