राजस्थान में 3 पेट्रोल पम्पों पर कार्रवाई, 5 नोजल जब्त

👁 1 Views

उपभोक्ता मामले मंत्री सुमित गोदारा के निर्देशानुसार उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा और पेट्रोल पम्पों पर ईंधन की सही मात्रा सुनिश्चित करने के लिए विधिक मापविज्ञान प्रकोष्ठ द्वारा प्रदेशभर में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 18 नवंबर को प्रदेशभर में 58 पेट्रोल पम्पों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान 3 पेट्रोल पम्पों पर उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा से कम पेट्रोल-डीजल देने की अनियमितता पाई गई। इस पर 5 नोजल जब्त किए गए और कुल 39,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

अजमेर में कार्रवाई

अजमेर के दोराई स्थित बीपी अजमेर पेट्रोल पम्प की जांच में प्रति 5 लीटर पेट्रोल-डीजल में 30 मिलीलीटर कम ईंधन देना पाया गया। इसके अलावा, पम्प पर सत्यापन प्रमाण-पत्र भी प्रदर्शित नहीं किया गया था।

इस पर पेट्रोल पम्प का एक नोजल जब्त किया गया। कम मात्रा में ईंधन देने पर 10,000 रुपये और सत्यापन प्रमाण-पत्र प्रदर्शित नहीं करने पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

जयपुर में कार्रवाई

जयपुर जिले के चाकसू स्थित चौधरी सर्विस स्टेशन और गोपाल पेट्रोलियम की जांच में प्रति 5 लीटर पेट्रोल-डीजल में 5 मिलीलीटर कम ईंधन देना पाया गया। दोनों पेट्रोल पम्पों पर सत्यापन प्रमाण-पत्र भी प्रदर्शित नहीं किए गए थे।

कार्रवाई के तहत दोनों पेट्रोल पम्पों के 2-2 नोजल जब्त किए गए। प्रत्येक पेट्रोल पम्प पर कम मात्रा में ईंधन देने के लिए 10,000 रुपये और सत्यापन प्रमाण-पत्र प्रदर्शित नहीं करने पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

जयपुर जिले में कुल 11 पेट्रोल पम्पों का निरीक्षण किया गया। इनमें 2 पेट्रोल पम्पों के 4 नोजल जब्त किए गए और कुल 21,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

विधिक मापविज्ञान प्रकोष्ठ ने स्पष्ट किया है कि पेट्रोल पम्पों पर निर्धारित मात्रा से कम ईंधन देने या विधिक मापविज्ञान संबंधी अनिवार्य प्रावधानों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रकोष्ठ ने आमजन से भी अपील की है कि पेट्रोल पम्पों पर ईंधन की मात्रा में कमी या किसी अन्य प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर हेल्पलाइन नंबर 14435 पर शिकायत दर्ज करवाएं।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *