राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम द्वारा प्रदेश के पांचों विद्युत निगमों में कनिष्ठ अभियंता-प्रथम के 869 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षाएं 29 और 30 नवंबर, 2026 को आयोजित की जाएंगी। परीक्षाएं प्रदेश के 12 जिलों में होंगी।
इस भर्ती के तहत इलेक्ट्रिकल के 727, मैकेनिकल के 110 और सिविल के 32 पद शामिल हैं।
कनिष्ठ अभियंता-प्रथम भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को गुरुवार को पहले चरण में परीक्षा की तिथि, समय और परीक्षा केंद्र वाले जिले की जानकारी जारी कर दी गई है। यह सूचना सभी अभ्यर्थियों को एसएमएस और ई-मेल के माध्यम से भेजी गई है।
दूसरे चरण में 25 नवंबर को अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र का नाम, गूगल मैप लिंक और परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थी पांचों विद्युत निगमों की वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
इसी तरह, कनिष्ठ सहायक/वाणिज्यिक सहायक-द्वितीय के 765 पदों पर भर्ती परीक्षा की तिथि, समय और परीक्षा शहर की जानकारी 25 नवंबर को जारी की जाएगी। वहीं, कनिष्ठ लेखाकार के 371 पदों के लिए यह जानकारी 1 जनवरी, 2027 को जारी होगी।
राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम ने परीक्षा केंद्रों की जानकारी जारी करने में अतिरिक्त गोपनीयता बरतने का निर्णय लिया है। इसी के तहत परीक्षा से संबंधित जानकारियां दो चरणों में जारी की जा रही हैं।
