राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने शनिवार को जवाहर कला केंद्र के शिल्पग्राम में आयोजित गणगौर कला महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कला प्रदर्शनी का अवलोकन किया और राजस्थान की समृद्ध कला एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रदर्शन की सराहना की। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी भी उपस्थित रहीं।
राजस्थानी भाषा में अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि राजस्थान गणगौर की समृद्ध संस्कृति से जुड़ा प्रदेश है। उन्होंने कहा कि अभावों में भी भाव भरने वाला राजस्थान बार-बार अकाल की मार झेलने के बावजूद कभी रुका नहीं, बल्कि विकास की नई करवट लेते हुए निरंतर आगे बढ़ता रहा है।
उन्होंने राजस्थान को भौगोलिक विषमताओं और संसाधनों की कमी के बावजूद उत्सवधर्मिता को अपनाने वाला प्रदेश बताते हुए यहां की समृद्ध कला एवं सांस्कृतिक परंपराओं की प्रशंसा की।
राज्यपाल ने राजस्थान की ‘पधारो म्हारे देस’ की आत्मीय मनुहार, मांड जैसी विशिष्ट लोक गायकी, गवरी, रम्मत और नौटंकी जैसे लोक नाट्य तथा घूमर, गैर और गींदड़ जैसे पारंपरिक लोकनृत्यों का उल्लेख किया। उन्होंने इन सांस्कृतिक विरासतों को संरक्षित करने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
श्री बागडे ने कहा कि गणगौर कला महोत्सव राजस्थान की भक्ति और शक्ति की समृद्ध परंपरा को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने प्रदेश के कण-कण में समाहित त्याग, तपस्या और बलिदान की गौरवशाली गाथाओं का स्मरण करते हुए राजस्थान के विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प लेने पर जोर दिया।
