राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (रालसा) की ओर से स्थायी लोक अदालतों के अध्यक्षों एवं सदस्यों की कार्यक्षमता और संस्थागत दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय अभिमुखीकरण एवं पुनश्चर्या प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को शुभारंभ हुआ। राजस्थान राज्य न्यायिक अकादमी, जोधपुर में 21 एवं 22 नवंबर, 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन राजस्थान उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायाधीश एवं रालसा के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायाधिपति श्री विनीत कुमार माथुर ने किया।
यह कार्यक्रम राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश एवं रालसा के मुख्य संरक्षक न्यायाधिपति श्री संजय के. अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में रालसा के सदस्य सचिव श्री हरि ओम अत्री ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने आमजन को सुलभ, त्वरित एवं प्रभावी न्याय उपलब्ध कराने में स्थायी लोक अदालतों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदेश की विभिन्न स्थायी लोक अदालतों के 20 अध्यक्ष, 62 सदस्य तथा इनका प्रभार संभाल रहे 4 जिला एवं सेशन न्यायाधीशों सहित कुल 86 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए न्यायाधिपति श्री विनीत कुमार माथुर ने कहा कि न्याय तक वास्तविक पहुंच तभी सार्थक है, जब प्रत्येक नागरिक को सुलभ, किफायती और समयबद्ध न्याय मिल सके। विद्युत, जलापूर्ति, परिवहन, डाक, दूरसंचार एवं स्वच्छता जैसी लोक उपयोगिता सेवाओं से जुड़े विवादों के त्वरित समाधान में विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 के अध्याय VI-A के अंतर्गत स्थापित स्थायी लोक अदालतों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि स्थायी लोक अदालतों का उद्देश्य केवल प्रकरणों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों को निष्पक्ष और सार्थक राहत प्रदान करना होना चाहिए। अध्यक्षों एवं सदस्यों को सुलह प्रक्रिया के दौरान संवेदनशीलता, धैर्य और प्रभावी संवाद के माध्यम से पक्षकारों की समस्याओं को समझना चाहिए। जहां सुलह के प्रयास सफल नहीं हों, वहां विधि एवं प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के अनुरूप निर्णय किया जाना चाहिए।
न्यायाधिपति श्री माथुर ने कहा कि स्थायी लोक अदालतों की सफलता केवल निस्तारित प्रकरणों की संख्या से नहीं, बल्कि आमजन को मिलने वाली राहत और न्याय व्यवस्था के प्रति बढ़ते विश्वास से आंकी जानी चाहिए।
दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान स्थायी लोक अदालतों के विधिक ढांचे, क्षेत्राधिकार, प्रक्रिया एवं कार्यप्रणाली, सुलह, मध्यस्थता, वार्ता कौशल, प्रभावी संवाद, संघर्ष प्रबंधन, भावनात्मक बुद्धिमत्ता, नैतिकता और निष्पक्ष निर्णय प्रक्रिया जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त केस स्टडी, मॉक कार्यवाही और व्यावहारिक अभ्यास सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों की कार्यदक्षता एवं निर्णय लेने की क्षमता को विकसित किया जाएगा।
कार्यक्रम के प्रथम दिन स्थायी लोक अदालतों के क्षेत्राधिकार, लोक उपयोगिता सेवाओं से जुड़े विवादों, सुलह एवं निर्णय प्रक्रिया तथा संवाद कौशल पर सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं, दूसरे दिन मानवीय व्यवहार, भावनात्मक बुद्धिमत्ता, नैतिकता और मॉक कार्यवाही के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
रालसा की यह पहल स्थायी लोक अदालतों की कार्यक्षमता एवं प्रभावशीलता बढ़ाने, विवादों के त्वरित समाधान को प्रोत्साहित करने और आम नागरिकों को सुलभ एवं समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
