8 से 10 दिसंबर तक होगा प्रवासी राजस्थानी दिवस का आयोजन

👁 0 Views

प्रवासी राजस्थानी दिवस के उपलक्ष्य में 8 से 10 दिसंबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय विशेष आयोजनों की तैयारियों एवं रूपरेखा को लेकर मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने रविवार को शासन सचिवालय में बैठक ली। उन्होंने आयोजनों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए इनके सुव्यवस्थित आयोजन तथा राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत, विकास यात्रा और निवेश की संभावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

तीन दिवसीय आयोजनों में शेखावाटी हेरिटेज, सांस्कृतिक संध्या और प्रवासी राजस्थानी दिवस प्रमुख आकर्षण होंगे। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के सहयोग से आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों का उद्देश्य राजस्थान को वैश्विक निवेश, औद्योगिक साझेदारी, पर्यटन और अंतरराष्ट्रीय संपर्क के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है।

आयोजनों की शुरुआत 8 दिसंबर को झुंझुनूं जिले के खेतड़ी स्थित अभयगढ़ में शेखावाटी हेरिटेज कार्यक्रम से होगी। इसके माध्यम से शेखावाटी क्षेत्र की ऐतिहासिक हवेलियों, विशिष्ट स्थापत्य कला, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की संभावनाओं को वैश्विक पहचान दिलाने पर जोर दिया जाएगा। साथ ही क्षेत्र की विरासत को पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

इसी क्रम में 9 दिसंबर को जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में भव्य सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी। इसमें राजस्थान फाउंडेशन के 25 देशों में कार्यरत अध्यक्षों का स्वागत किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से प्रवासी राजस्थानियों को अपनी माटी, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा।

तीन दिवसीय आयोजनों का मुख्य आकर्षण 10 दिसंबर को जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में आयोजित होने वाला प्रवासी राजस्थानी दिवस होगा। इस अवसर पर उद्योग, ऊर्जा, पर्यटन, प्रवासी राजस्थानी, खनन और नगरीय विकास सहित छह प्रमुख क्षेत्रों पर सेक्टोरल सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें संबंधित क्षेत्रों की निवेश संभावनाओं, नीतिगत अवसरों, औद्योगिक विकास और भविष्य की कार्ययोजनाओं पर चर्चा होगी।

आयोजन में देश-विदेश के प्रतिष्ठित उद्योगपतियों और निवेशकों के शामिल होने की संभावना है। उनकी सहभागिता से राजस्थान में औद्योगिक निवेश, व्यावसायिक साझेदारी और नए आर्थिक अवसरों को लेकर संवाद को व्यापक मंच मिलेगा।

इन आयोजनों के माध्यम से राजस्थान की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध संस्कृति, पर्यटन क्षमता, औद्योगिक विकास और निवेश की संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय पटल पर प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही प्रवासी राजस्थानियों को प्रदेश की विकास यात्रा से जोड़ने और वैश्विक स्तर पर राजस्थान की विशिष्ट पहचान को और मजबूत करने का अवसर मिलेगा।

👁 0 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *