दीव में वर्ल्ड सिंधी मेले में शामिल हुए वासुदेव देवनानी

👁 0 Views

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने रविवार को दीव में श्री सिंधी समाज (ऊना) द्वारा आयोजित वर्ल्ड सिंधी मेला-2026 के अंतर्गत आईएनएस खुकरी मेमोरियल में आयोजित पूजा बेहराणा साहिब कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने विधि-विधान के साथ दरिया पूजन कर भगवान झूलेलाल के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने सिंधी समाज की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े इस आयोजन में भी भाग लिया।

कार्यक्रम में भगवान झूलेलाल साहिब के समक्ष पारंपरिक छेज़, भक्ति संगीत एवं भजनों की प्रस्तुतियां दी गईं। श्री देवनानी ने श्रद्धालुओं एवं समाजबंधुओं के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम में सहभागिता की। भारत के विभिन्न राज्यों और विदेशों से आए सिंधी समाज के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों, संगीत और सामूहिक छेज़ ने आयोजन को विशिष्ट सांस्कृतिक स्वरूप प्रदान किया। इस अवसर पर समाज एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं का सम्मान भी किया गया।

श्री देवनानी ने कहा कि भगवान झूलेलाल के प्रति सिंधी समाज की अटूट आस्था और दरिया पूजन की परंपरा उसकी सांस्कृतिक पहचान एवं आध्यात्मिक चेतना का अभिन्न अंग है। सिंधी समाज ने विस्थापन और अनेक ऐतिहासिक चुनौतियों के बावजूद अपनी भाषा, संस्कृति, संस्कारों और धार्मिक परंपराओं को अक्षुण्ण बनाए रखा है। विश्वभर में फैला सिंधी समाज अपनी उद्यमशीलता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों के माध्यम से भारतीय सभ्यता की विशिष्ट पहचान को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित कर रहा है।

इस अवसर पर दीव के जिला कलेक्टर ने भी श्री देवनानी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दीव के विकास, क्षेत्र की संभावनाओं और विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।

उल्लेखनीय है कि श्री सिंधी समाज (ऊना) द्वारा आयोजित वर्ल्ड सिंधी मेला-2026 का उद्देश्य विश्वभर में निवासरत सिंधी समाज को एक साझा मंच प्रदान करना तथा उसकी भाषा, संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन करना है। मेले का ध्येय वाक्य ‘दुनिया जे सिंधियुन जो मेलो दरिया ते’ सिंधी समाज की वैश्विक एकजुटता और सांस्कृतिक आत्मीयता को अभिव्यक्त करता है।

कार्यक्रम के पश्चात विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी दीव से रवाना होकर अहमदाबाद पहुंचे।

👁 0 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *