IITF में राजस्थान पवेलियन बना आकर्षण का केंद्र, पहुंचे एक लाख लोग

👁 0 Views

नई दिल्ली में आयोजित 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ-2026) में राजस्थान पवेलियन प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, हस्तशिल्प, औद्योगिक क्षमताओं, निवेश संभावनाओं और आधुनिक तकनीकी नवाचारों का आकर्षक प्रदर्शन कर रहा है। राजस्थान लघु उद्योग निगम लिमिटेड द्वारा प्रगति मैदान के हॉल संख्या-3 के ग्राउंड फ्लोर पर लगभग एक हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में स्थापित इस पवेलियन में अब तक करीब एक लाख आगंतुक पहुंच चुके हैं। पार्टनर स्टेट के रूप में राजस्थान इस वर्ष भी मेले में सहभागिता कर रहा है।

राजस्थान पवेलियन के माध्यम से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के ‘विकसित राजस्थान’ के विजन को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जा रहा है। यहां प्रदेश के 41 जिलों के ओडीओपी उत्पादों और 24 जीआई टैग उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है। वहीं, 44 स्टॉलों के माध्यम से शिल्पकारों, उद्यमियों, उत्पाद निर्माताओं और महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का अवसर उपलब्ध कराया गया है।

मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ के अनुरूप पवेलियन में राजस्थान की पारंपरिक कला, संस्कृति और शिल्प को आधुनिक तकनीक, उद्योग, निवेश एवं विकास की संभावनाओं के साथ प्रस्तुत किया गया है। आकर्षक ‘पीकॉक गेट’ और ‘नमस्ते गेट’, एआई आधारित डिजिटल झरोखा, कठपुतली कियोस्क, सेल्फी झरोखा तथा 3डी प्रिंटिंग जैसी तकनीकी प्रस्तुतियां आगंतुकों के विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

आईआईटीएफ-2026 में राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन, हस्तशिल्प और विकास की संभावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से प्रदेश की कला, संस्कृति, पारंपरिक शिल्प, पर्यटन और समकालीन विकास की विशेषताओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय आगंतुकों के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं की प्रदर्शनियों के माध्यम से राजस्थान की अक्षय ऊर्जा, कौशल विकास, पर्यटन, औद्योगिक निवेश और रोजगार की संभावनाओं को रेखांकित किया गया है। लाइव डेमो के जरिए मोलेला टेराकोटा, बगरू ब्लॉक प्रिंटिंग, मेहंदी, टाई एंड डाई, पारंपरिक दरी निर्माण और 3डी प्रिंटिंग की कला से भी आगंतुकों को रूबरू कराया जा रहा है।

प्रतिदिन आयोजित होने वाले कच्ची घोड़ी एवं कालबेलिया नृत्य, सारंगी वादन, कठपुतली शो और पारंपरिक बायोस्कोप के माध्यम से राजस्थान की लोक संस्कृति को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। इसके साथ ही राजस्थानी व्यंजनों से सुसज्जित फूड कोर्ट और हॉर्स शो एरिया में स्थापित वीआईपी लाउंज-कम-टूरिज्म इन्फॉर्मेशन सेंटर आगंतुकों को प्रदेश के खानपान एवं पर्यटन स्थलों की जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं।

👁 0 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *