मुख्य सचिव ने राज्य निर्वाचन आयुक्त से की मुलाकात, चुनावी नवाचारों की सराहना

👁 0 Views

मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने रविवार को शासन सचिवालय स्थित राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय में राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजेश्वर सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने नगरीय निकाय एवं पंचायतीराज चुनावों की प्रक्रिया के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन तथा निर्वाचन प्रबंधन में अपनाए गए नवाचारों के लिए श्री सिंह एवं आयोग की पूरी टीम को बधाई दी।

भेंट के दौरान ‘एक राज्य, एक चुनाव’ की व्यापक अवधारणा के संदर्भ में प्रदेश के निर्वाचन अनुभवों पर चर्चा हुई। राजस्थान में इस व्यवस्था के तहत नगरीय निकाय चुनाव दो चरणों तथा पंचायतीराज चुनाव चार चरणों में संपन्न कराए गए। इससे मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बलों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और प्रशासनिक संसाधनों का बेहतर उपयोग करने में सहायता मिली।

नगरीय निकाय चुनावों में मतदान प्रतिशत पिछली बार के 71.84 प्रतिशत से बढ़कर 73.56 प्रतिशत रहा। इसी प्रकार ग्राम पंचायत चुनावों में मतदान प्रतिशत 82.86 से बढ़कर 83.72 प्रतिशत तथा जिला परिषद एवं पंचायत समिति चुनावों में 63.66 से बढ़कर 67.78 प्रतिशत दर्ज किया गया। मतदाता जागरूकता के लिए ‘एक शाम लोकतंत्र के नाम’ और ‘एक दीप लोकतंत्र के नाम’ जैसे कार्यक्रमों के साथ निबंध, काव्यपाठ, रंगोली एवं मतदाता संवाद जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं।

निर्वाचन प्रबंधन में तकनीक के उपयोग के तहत दौसा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित ‘दौसा बॉट’ विकसित किया गया, जिसने 1,142 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के 16,762 प्रश्नों के उत्तर उपलब्ध कराए। जयपुर में वाहन अनुमति की ऑनलाइन व्यवस्था, चूरू एवं राजसमंद में वेबसाइट और क्यूआर कोड के माध्यम से निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता तथा अभ्यर्थियों को नामांकन से पहले आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण देने जैसे नवाचार भी किए गए।

हनुमानगढ़ एवं सवाईमाधोपुर में रिटर्निंग अधिकारियों और मतदान कार्मिकों के लिए दक्षता परीक्षण आयोजित किए गए। वहीं, अलवर में कार्मिक कल्याण पोर्टल के माध्यम से निर्वाचन ड्यूटी के लिए कार्मिकों की उपलब्धता तथा मानदेय एवं भत्तों के भुगतान की निगरानी की गई। प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में निर्बाध कार्य संचालन के लिए जनरेटर की वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।

मुख्य सचिव ने निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में जिला प्रशासन, पुलिस, पर्यवेक्षकों, मतदान दलों और अन्य कार्मिकों के योगदान की सराहना की। उन्होंने शांतिपूर्ण मतदान एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उत्साहपूर्वक भागीदारी के लिए प्रदेश के मतदाताओं का भी अभिनंदन किया।

इस अवसर पर राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

👁 0 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *