मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान को नशामुक्त बनाने के संकल्प को साकार करने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध उत्पादन एवं नशे के कारोबार में लिप्त अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। पिछले तीन वर्षों में प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर मादक पदार्थों की जब्ती और अपराधियों की गिरफ्तारी के माध्यम से अवैध नशे के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की गई है।
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने वर्ष 2024 से अक्टूबर 2026 तक नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत 18 हजार 497 प्रकरण दर्ज कर 27 हजार 473 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस अवधि में लगभग 2 हजार 445 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, नशे के अवैध कारोबार में इस्तेमाल किए जाने वाले 13 हजार 620 वाहनों को भी जब्त किया गया है।
प्रदेश के सभी जिलों, विशेषकर सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। वर्ष 2026 में ही 7 हजार 44 प्रकरण दर्ज किए गए, जो वर्ष 2024 की तुलना में लगभग 34 प्रतिशत अधिक हैं। इसी प्रकार, मादक पदार्थों की अवैध खेती एवं उत्पादन के नेटवर्क को समाप्त करने के उद्देश्य से पिछले तीन वर्षों में कुल 288 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
अवैध मादक पदार्थों के निर्माण में संलिप्त फैक्ट्रियों, विशेषकर एमडी ड्रग्स के निर्माण केंद्रों के विरुद्ध भी प्रभावी कार्रवाई की गई है। पिछले तीन वर्षों में इस संबंध में 49 प्रकरण दर्ज कर 115 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
नशे के अवैध कारोबार के आर्थिक नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए भी सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। वर्ष 2025 में 133 प्रकरणों के तहत लगभग 55 करोड़ रुपये मूल्य की 66 संपत्तियों के विरुद्ध ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। वहीं, वर्ष 2026 में 250 प्रकरणों के तहत लगभग 30 करोड़ रुपये मूल्य की 75 संपत्तियों पर कार्रवाई की गई।
मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अपराधियों के विरुद्ध PIT NDPS अधिनियम के तहत वर्ष 2025 एवं 2026 में 173 इस्तगासे प्रस्तुत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, NDPS अधिनियम की धारा 68F के तहत 170 मामलों में प्रभावी कार्रवाई की गई है।
इसी क्रम में वर्ष 2026 तक प्रदेश में फरार, हार्डकोर एवं इनामी श्रेणी के 3 हजार 450 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही, नशे के कारोबार से जुड़े 236 हॉटस्पॉट पर छापेमारी कर 473 अलग-अलग कार्रवाई की गई हैं।
राज्य सरकार की इन निरंतर कार्रवाइयों का उद्देश्य मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना, अपराधियों के नेटवर्क को समाप्त करना तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाकर नशामुक्त राजस्थान के संकल्प को साकार करना है।
