राजस्थान में बालिकाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस और स्कूल शिक्षा विभाग ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। प्रदेश की 23.32 लाख बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने के लिए सोमवार को दोनों विभागों के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में राजस्थान पुलिस की ओर से एडीजी कम्युनिटी पुलिसिंग श्रीमती लता मनोज कुमार तथा शिक्षा विभाग की ओर से राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद की राज्य परियोजना निदेशक डॉ. रश्मि शर्मा ने MoU पर हस्ताक्षर किए।
इस पहल के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रदेश के 36,765 राजकीय विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक अध्ययनरत बालिकाओं को रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक रूप से सशक्त बनाना तथा उनमें आत्मविश्वास और आत्मरक्षा की क्षमता विकसित करना है, ताकि वे घर, विद्यालय और सार्वजनिक स्थानों पर स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।
महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि इस पहल से प्रदेश के सभी जिलों में विद्यालय स्तर पर बालिका सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और छात्राओं में आत्मविश्वास विकसित होगा। उन्होंने इस कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राजस्थान पुलिस की प्रतिबद्धता जताते हुए संबंधित अधिकारियों को पुलिस से जुड़े संस्थानों का सहयोग लेने के निर्देश दिए।
राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद की राज्य परियोजना निदेशक डॉ. रश्मि शर्मा ने कहा कि राजस्थान पुलिस और शिक्षा विभाग का यह साझा प्रयास बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ विद्यालयों में सुरक्षित, संवेदनशील एवं भरोसेमंद वातावरण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
11,701 विद्यालयों के शिक्षकों को मिलेगा प्रशिक्षण
एडीजी श्रीमती लता मनोज कुमार ने बताया कि कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राजस्थान पुलिस के सहयोग से प्रदेश के 11,701 पीईईओ/यूसीईईओ विद्यालयों के एक पीईटी अथवा सामान्य शिक्षक को ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके बाद ये प्रशिक्षित शिक्षक अपने क्षेत्र के विद्यालयों में एक महिला पीईटी अथवा सामान्य महिला शिक्षक को प्रशिक्षण देंगे। विद्यालय स्तर पर प्रशिक्षित महिला शिक्षक संबंधित विद्यालयों की कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण प्रदान करेंगी।
इस कार्यक्रम के तहत कुल 319 प्रशिक्षण बैच आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रत्येक बैच में 15 से 60 प्रतिभागी शामिल होंगे। यह समझौता हस्ताक्षर की तिथि से आगामी तीन वर्षों तक प्रभावी रहेगा।
आत्मरक्षा के साथ हेल्पलाइन सेवाओं की भी मिलेगी जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान बालिकाओं को आत्मरक्षा की व्यावहारिक तकनीकों के साथ आपातकालीन सहायता सेवाओं और महिला सुरक्षा हेल्पलाइन के प्रभावी उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त शारीरिक स्वास्थ्य एवं पोषण, जेंडर संवेदनशीलता, सुरक्षा और बाल अधिकारों से जुड़े विषयों पर भी जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपमहानिरीक्षक श्री कुंवर राष्ट्रदीप एवं श्री दीपक भार्गव सहित राजस्थान पुलिस और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
