प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने सिख समाज के संतों, श्रद्धालुओं एवं संगत को नमन करते हुए गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को मानवता, सेवा, समानता और सद्भाव का मार्गदर्शक बताया।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत ‘वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह’ के जयघोष के साथ की। उन्होंने कहा कि गुरुवाणी का प्रत्येक शब्द और कीर्तन की हर धुन केवल संगीत नहीं, बल्कि आध्यात्मिक साधना और ज्ञान प्राप्ति का माध्यम है। ऐसे धार्मिक आयोजनों में शामिल होना उनके लिए आत्मिक आनंद और सौभाग्य का विषय है।
उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं ‘किरत करो, वंड छको और नाम जपो’ उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा रही हैं। गुरुद्वारों में मत्था टेकना, गुरुवाणी का श्रवण करना, सेवा करना और लंगर में शामिल होना बचपन से ही उनके जीवन का हिस्सा रहा है। उन्होंने श्री हरमंदिर साहिब में मत्था टेकने और पंजाब में बिताए समय को अपने जीवन की विशेष स्मृतियों में शामिल बताया।
प्रधानमंत्री ने सिख संतों एवं ज्ञानियों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें सदैव सिख समाज के संतों की संगत और आशीर्वाद प्राप्त होता रहा है।
गुरु तेग बहादुर जी की शहादत के 350 वर्ष पूरे होने पर किया नमन
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व एक विशेष ऐतिहासिक स्मृति के साथ आया है। श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत के 350 वर्ष पूरे हो रहे हैं। दिल्ली की इसी धरती पर उन्होंने देश की पहचान, आस्था, विश्वास और मानवीय मूल्यों की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनकी शहादत की प्रेरणा आज भी भारत की मिट्टी और जनमानस में जीवित है।
उन्होंने भाई मती दास जी, भाई सती दास जी और भाई दयाला जी के बलिदान को भी याद किया। साथ ही गुरुद्वारा सुधार आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सरदार तेजा सिंह समुंदरी जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष उनकी शहादत के भी 100 वर्ष पूरे हो रहे हैं।
सिख गुरुओं की विरासत को आगे बढ़ाना हम सभी का दायित्व
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के कठिन ऐतिहासिक दौर में भी हमारे गुरुओं ने राष्ट्र और संस्कृति की रक्षा की ज्योत जलाए रखी। आज विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए भी गुरुओं की प्रेरणा और उनके आदर्श हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं। सिख परंपराओं और विरासत को प्रकाश पुंज के रूप में आगे बढ़ाना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में सरकार ने गुरु गोबिंद सिंह जी का 350वां प्रकाश पर्व और गुरु नानक देव जी का 550वां प्रकाश पर्व श्रद्धा एवं भव्यता के साथ मनाया है। देश-विदेश में विभिन्न समारोह आयोजित किए गए तथा स्मारक सिक्के और डाक टिकट जारी किए गए। विशेष रेलगाड़ियां चलाई गईं और गुरुवाणी के कार्यक्रम आयोजित किए गए। गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व पर लाल किले में राष्ट्रीय आयोजन किया गया। इसी भावना के साथ उनके 350वें शहीदी दिवस के कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
वीर बाल दिवस के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचेगी साहिबजादों की वीरगाथा
प्रधानमंत्री ने कहा कि आगामी 26 दिसंबर को देश वीर बाल दिवस मनाएगा। इस दिवस को राष्ट्रीय स्तर पर मनाने का उद्देश्य साहिबजादों के अद्वितीय बलिदान और माता गुजरी जी के साहस एवं संकल्प की अमर गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि जब देश के बच्चे साहिबजादों और गुरुओं के बलिदान तथा कठिन परिस्थितियों में भी अडिग रहने के उनके साहस के बारे में जानेंगे, तो इससे उनमें राष्ट्रसेवा और समर्पण की भावना मजबूत होगी।
उन्होंने बताया कि गुरुओं की विरासत को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। हाल ही में फिलीपींस यात्रा के दौरान उन्होंने वहां के सबसे पुराने गुरुद्वारे खालसा दीवान में मत्था टेका। भारत सरकार इस गुरुद्वारे के पुनर्विकास में भी सहयोग कर रही है।
‘सरबत दा भला’ की भावना से विश्व में शांति का संदेश
प्रधानमंत्री ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘नानक नाम चढ़दी कला, तेरे भाणे सरबत दा भला’ का संदेश संपूर्ण मानवता के कल्याण की प्रेरणा देता है। जब हम सभी को अपना मानते हैं, तभी सबकी भलाई की भावना हमारे भीतर विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि आज दुनिया के कई हिस्सों में संघर्ष, हिंसा और अशांति का माहौल है। ऐसे समय में प्रत्येक परिवार की सुरक्षा, हर व्यक्ति के सम्मान और विश्व शांति के लिए ‘सरबत दा भला’ का संदेश पहले से अधिक प्रासंगिक हो गया है।
युवाओं को नशे से बचाने में गुरुद्वारों और सामाजिक संस्थाओं की अहम भूमिका
प्रधानमंत्री ने समाज में बढ़ती नशे की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जब कोई युवा नशे की गिरफ्त में आता है, तो उसके साथ पूरे परिवार के सपने प्रभावित होते हैं।
उन्होंने आह्वान किया कि देश का प्रत्येक युवा नशे से मुक्त रहकर अपने सपनों को साकार करे, शिक्षा प्राप्त करे और परिवार एवं राष्ट्र का गौरव बढ़ाए। इस दिशा में परिवारों के साथ-साथ संगत, गुरुद्वारों और सामाजिक संस्थाओं की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि गुरु साहिब की कृपा और समाज के सामूहिक प्रयासों से नई पीढ़ी को सुरक्षित, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य प्रदान किया जा सकेगा।
अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने एक बार फिर सभी देशवासियों को गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की लख-लख बधाइयां दीं और ‘बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयघोष के साथ अपना संबोधन संपन्न किया।
