उपराष्ट्रपति एवं दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने नई दिल्ली स्थित उपराष्ट्रपति भवन में लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस (LSE), दिल्ली विश्वविद्यालय के दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स और इंस्टीट्यूट ऑफ इकोनॉमिक ग्रोथ (IEG) के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) के आदान-प्रदान समारोह में भाग लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने इस साझेदारी को तीनों प्रतिष्ठित संस्थानों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह सहयोग शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान क्षमता और नीतिगत अनुभव को एक मंच पर लाकर वर्तमान समय की गंभीर आर्थिक एवं सामाजिक चुनौतियों के समाधान में सहायक होगा।
उन्होंने इस वर्ष की शुरुआत में श्री एन. के. सिंह के साथ हुई चर्चाओं का उल्लेख करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की कि यह विचार अब ठोस संस्थागत साझेदारी का रूप ले चुका है।
उपराष्ट्रपति ने अनुसंधान और शैक्षणिक उत्कृष्टता पर जोर देते हुए कहा कि विश्वविद्यालयों को युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए अपनी अनुसंधान क्षमताओं को मजबूत करने और वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करने की दिशा में निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाकर राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि इस साझेदारी के माध्यम से शैक्षणिक आदान-प्रदान, संयुक्त अनुसंधान, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा छात्र एवं संकाय सदस्यों के आदान-प्रदान को प्रोत्साहन मिलेगा।
संयुक्त अनुसंधान और नवाचार को मिलेगा बढ़ावा
उपराष्ट्रपति ने तीनों संस्थानों की भागीदारी से संयुक्त अनुसंधान सीड फंड स्थापित करने के प्रस्ताव का विशेष स्वागत किया। उन्होंने कहा कि स्थिरता, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सार्वजनिक नीति, भू-राजनीति और अंतरराष्ट्रीय व्यापार जैसे विषय वर्तमान वैश्विक चुनौतियों के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल युवा शोधकर्ताओं को प्रोत्साहित करने, मौलिक अनुसंधान को बढ़ावा देने और व्यावहारिक नीतिगत सुझाव तैयार करने में सहायक होगी।
उन्होंने भारतीय आर्थिक सेवा के अधिकारियों के प्रशिक्षण को बेहतर बनाने के लिए IEG और LSE के बीच प्रस्तावित सहयोग का भी उल्लेख किया। इससे अधिकारियों को अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान और नीतिगत अनुभव प्राप्त होगा तथा उनकी पेशेवर क्षमताओं में वृद्धि होगी।
विकसित भारत@2047 के लक्ष्य पर जोर
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए उपराष्ट्रपति ने गरीबी उन्मूलन, आवास, ग्रामीण विद्युतीकरण और नल से जल जैसी योजनाओं में हुई प्रगति को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी क्षेत्रों, राज्यों और समाज के प्रत्येक वर्ग का समावेशी विकास आवश्यक है। आर्थिक विकास के साथ संपत्ति सृजन और उसके समान वितरण पर भी ध्यान देना होगा, ताकि आर्थिक प्रगति का लाभ आम नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार के रूप में दिखाई दे।
उन्होंने कहा कि वैश्विक और घरेलू नीतियों का केंद्र मानव विकास, सुशासन और नागरिक कल्याण होना चाहिए।
वैश्विक अकादमिक जगत में भारत की बढ़ती भूमिका
ग्लोबल साउथ में भारत की बढ़ती भूमिका का उल्लेख करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं, विविधता और विकास के अनुभवों से अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक समुदाय बहुत कुछ सीख सकता है।
उन्होंने कहा कि विकासशील देशों के अनुभवों को वैश्विक शैक्षणिक एवं नीतिगत विमर्श में उचित स्थान मिलना चाहिए। इस प्रकार की साझेदारियां अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान और नीतिगत चर्चाओं को नई दिशा दे सकती हैं।
उपराष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि यह सहयोग संस्थागत सीमाओं से आगे बढ़कर सार्थक बौद्धिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करेगा। दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलाधिपति के रूप में उन्होंने इस पहल की प्रगति पर व्यक्तिगत रूप से नजर रखने और आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने अन्य विश्वविद्यालयों को भी इस साझेदारी से प्रेरणा लेकर ऐसे सहयोगात्मक प्रयास शुरू करने का आह्वान किया, ताकि शैक्षणिक उत्कृष्टता और साझा ज्ञान को समाज की प्रगति में परिवर्तित किया जा सके।
समारोह में इंस्टीट्यूट ऑफ इकोनॉमिक ग्रोथ के अध्यक्ष श्री एन. के. सिंह, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस के अध्यक्ष एवं कुलपति प्रो. लैरी क्रेमर, इंस्टीट्यूट ऑफ इकोनॉमिक ग्रोथ के चेयरमैन डॉ. माइकल देबब्रत पात्रा तथा दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, संकाय सदस्य और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
