राजस्थान में 6000 MWh बैटरी स्टोरेज परियोजनाओं की समीक्षा, देरी पर कार्रवाई

👁 0 Views

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने सोमवार को विद्युत भवन, जयपुर में ऊर्जा विभाग के अधिकारियों, राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम तथा एनटीपीसी विद्युत व्यापार निगम द्वारा चयनित बीईएसएस (बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम) डेवलपर्स के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में प्रदेश में स्थापित की जा रही 6000 मेगावाट आवर क्षमता की बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दिशा-निर्देशन में ऊर्जा विभाग राजस्थान को ग्रीन एनर्जी हब बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। बैठक में विभिन्न बीईएसएस परियोजनाओं की समय-सीमा, निर्माण गतिविधियों, भूमि उपलब्धता, ग्रिड कनेक्टिविटी और आवश्यक स्वीकृतियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।

उन्होंने सभी डेवलपर्स को अपनी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्थान को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और आधुनिक ऊर्जा भंडारण तकनीक के माध्यम से विद्युत व्यवस्था को अधिक मजबूत एवं विश्वसनीय बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

जेएसडब्ल्यू की परियोजनाएं दिसंबर 2026 तक पूरी करने के निर्देश

समीक्षा के दौरान ऊर्जा मंत्री ने जेएसडब्ल्यू द्वारा गिरल और सूरतगढ़ में स्थापित की जा रही 250 मेगावाट आवर क्षमता की परियोजनाओं को दिसंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम के अधिकारियों को प्रदेश में संचालित सभी बीईएसएस परियोजनाओं की नियमित एवं सख्त मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए, ताकि निर्धारित समय पर इनका लाभ प्रदेश को मिल सके।

29 दिसंबर 2026 से 7 नवंबर 2027 तक निर्धारित है परियोजनाओं की समय-सीमा

बैठक में जेएसडब्ल्यू लियो एनर्जी लिमिटेड, सोलर वर्ल्ड एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड, ओरियाना पावर लिमिटेड, रेज पावर एक्सपर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, सोलर 91 क्लीनटेक, स्टाक्वेल सोलर सर्विसेज, इनॉक्स रिन्यूएबल सॉल्यूशंस, ओसवाल केबल्स प्राइवेट लिमिटेड, पतंजलि रिन्यूएबल एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड, विविआना पावर टेक लिमिटेड, गैलेक्सी माइनिंग एंड रॉयल्टीज प्राइवेट लिमिटेड, मंडा प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, मिनेरलिया इंपैक्स प्राइवेट लिमिटेड, ऑनवार्ड सोलर पावर प्राइवेट लिमिटेड, एसटी इलेक्ट्रिकल्स प्राइवेट लिमिटेड, रामा रिफ्लेक्शन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड सहित विभिन्न डेवलपर कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कुछ कंपनियों के प्रतिनिधि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

इन परियोजनाओं को पूरा करने की निर्धारित समय-सीमा 29 दिसंबर 2026 से 7 नवंबर 2027 के बीच है। बैठक में परियोजनाओं को धरातल पर उतारने, निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर करने और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

देरी होने पर होगी कड़ी कार्रवाई

ऊर्जा मंत्री ने सभी बीईएसएस डेवलपर्स को स्पष्ट चेतावनी दी कि परियोजनाओं को तय समय-सीमा में पूरा करना अनिवार्य है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने डेवलपर्स की ओर से सामने रखी गई समस्याओं पर राज्य सरकार की ओर से आवश्यक समन्वय और सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। साथ ही उत्पादन निगम, ऊर्जा विकास निगम एवं प्रसारण निगम के अधिकारियों को आपसी समन्वय से परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ग्रिड स्थिरता और सस्ती बिजली उपलब्ध कराने में मिलेगी मदद

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि बैटरी ऊर्जा भंडारण परियोजनाएं प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा के बेहतर उपयोग, ग्रिड स्थिरता और विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इन परियोजनाओं के शुरू होने से बिजली की पीक डिमांड के समय भी राज्य को सस्ती बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की वायबिलिटी गैप फंडिंग (वीजीएफ) योजना के तहत बीईएसएस परियोजनाओं की स्थापना के लिए निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए चरणबद्ध तरीके से कार्यादेश जारी किए गए हैं।

इनमें स्टेट कंपोनेंट के तहत 1000 मेगावाट आवर (2 घंटे, 2 साइकिल), सेंट्रल कंपोनेंट के तहत 1000 मेगावाट आवर (2 घंटे, 2 साइकिल) तथा पीएसडीएफ योजना के अंतर्गत 2000 मेगावाट आवर (2 घंटे, 2 साइकिल) और 2000 मेगावाट आवर (4 घंटे, 1 साइकिल) की परियोजनाएं शामिल हैं।

इन परियोजनाओं के लिए राजस्थान को उस समय देश में न्यूनतम दरें 1.77 लाख से 2.85 लाख रुपये प्रति मेगावाट प्रति माह प्राप्त हुई थीं।

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक रोहित गुप्ता, राजस्थान ऊर्जा विकास निगम के प्रबंध निदेशक शिव प्रसाद नकाते, ऊर्जा सलाहकार नवीन अरोड़ा, राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक देवेंद्र श्रृंगी, विद्युत निगमों के निदेशक, वरिष्ठ अधिकारी और चयनित बीईएसएस डेवलपर्स के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

👁 0 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *