देवनानी ने गुरुद्वारे में टेका मत्था, पुष्कर में किए दर्शन

👁 1 Views

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरुनानक जयंती के अवसर पर अजमेर के गंज स्थित गुरुद्वारे में मत्था टेककर अरदास की। वहीं, कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर पुष्कर सरोवर में पूजन किया और ब्रह्मा मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने प्रदेशवासियों को गुरुनानक जयंती एवं कार्तिक पूर्णिमा की शुभकामनाएं भी दीं।

गुरु नानक देव की शिक्षाएं मानवता के लिए प्रेरणास्रोत

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं महान आध्यात्मिक संत श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का संपूर्ण जीवन सत्य, प्रेम, करुणा, समानता और मानव सेवा के आदर्शों के प्रति समर्पित रहा। उनकी पावन शिक्षाएं संपूर्ण मानव समाज को सद्भाव, बंधुत्व और परस्पर सम्मान की प्रेरणा देती हैं। उनका जीवन दर्शन ईमानदारी से परिश्रम करने, ईश्वर का स्मरण करने और अपने संसाधनों को समाज के साथ साझा करने का संदेश देता है।

देवनानी ने कहा कि गुरु नानक देव जी की वाणी में निहित आध्यात्मिक दृष्टि और लोककल्याण की भावना आज भी समाज को सही दिशा प्रदान कर रही है। उनके आदर्शों को अपनाकर ऐसे समाज का निर्माण किया जा सकता है, जहां सेवा, सद्भाव और मानवीय गरिमा सर्वोपरि हों।

उन्होंने प्रदेशवासियों से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को जीवन में आत्मसात करने तथा सामाजिक समरसता, सेवा और मानव कल्याण के संकल्प को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

विधायक लक्ष्मण मीणा की कुशलक्षेम पूछी

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने विधायक लक्ष्मण मीणा के स्वास्थ्य की जानकारी लेकर उनकी कुशलक्षेम पूछी। इस संबंध में उन्होंने दूरभाष पर विधायक के पुत्र निलेश से बातचीत की और लक्ष्मण मीणा के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

राज्यसभा सांसद रामराव वडकुते के निधन पर जताया शोक

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने राज्यसभा सांसद रामराव वडकुते के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना की।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *