कोटा में 130 करोड़ से बनेगा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम और एक्वाटिक सेंटर

👁 1 Views

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि कोटा के खेल इतिहास में आज एक नया अध्याय जुड़ गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम एवं विश्वस्तरीय एक्वाटिक सेंटर के निर्माण कार्य का शिलान्यास लाखों क्रिकेट प्रेमियों और खेल प्रतिभाओं के वर्षों पुराने सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हमारा संकल्प खेल बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में कोटा को नंबर वन बनाना और कोटा-बूंदी को देश के प्रमुख स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करना है। इसके लिए शहर से लेकर गांव तक खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए बिरला ने कहा कि आगामी दो वर्षों में कोटा को विकास के विभिन्न क्षेत्रों में देश के अग्रणी शहरों में शामिल करने के लक्ष्य के साथ कार्य किया जा रहा है। करीब 130 करोड़ रुपये की लागत से क्रिकेट स्टेडियम और एक्वाटिक सेंटर का निर्माण दो साल में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

कोटा को मिलेगी एयरपोर्ट और बेहतर कनेक्टिविटी की सौगात

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि अगले वर्ष कोटा में एयरपोर्ट का वर्षों पुराना सपना साकार होने जा रहा है। जनवरी 2028 में हवाई सेवाएं शुरू करने का लक्ष्य है। करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। वहीं, 1200 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित एलिवेटेड रोड के निर्माण से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे तक पहुंचने में महज 15 मिनट लगेंगे। संसदीय क्षेत्र के प्रत्येक गांव और ढाणी को सड़क से जोड़ने का भी लक्ष्य है।

भामाशाह मंडी का होगा व्यापक विस्तार

बिरला ने कहा कि भामाशाह मंडी को देश की प्रमुख मंडियों में शामिल करने की दिशा में काम किया जा रहा है। मंडी विस्तार के लिए भूमि के फॉरेस्ट डायवर्जन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाएगी। आगामी दो वर्षों में मंडी का व्यापक विस्तार कर किसानों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि मंडी को सीधे हाईवे और रेल नेटवर्क से जोड़ने का प्रयास है, ताकि देशभर के बाजारों तक किसानों और व्यापारियों की पहुंच आसान हो सके।

कनेक्टिविटी से विकास को मिलेगी नई गति : ऊर्जा मंत्री

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि करीब 1500 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट कोटा-बूंदी के विकास को नई गति देगा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे को डीसीएम रोड से जोड़ने की 1600 करोड़ रुपये की परियोजना से एक्सप्रेस-वे तक पहुंचने का समय आधे घंटे से घटकर 15 मिनट रह जाएगा।

उन्होंने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से क्षेत्र में कनेक्टिविटी और खेल सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। नहरों में पानी उपलब्ध कराने की पहल से किसानों को लाभ मिला है और धान की अच्छी पैदावार हुई है। इससे क्षेत्र के बाजारों में भी रौनक लौटी है।

अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम से कोटा को मिलेगी नई पहचान

कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि जेके पेवेलियन को करीब 130 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां आधुनिक मैदान, दर्शक दीर्घा, पवेलियन, फ्लडलाइट, प्रसारण और अभ्यास की सुविधाएं विकसित होंगी। इससे कोटा के युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि एक्वाटिक सेंटर से तैराकी को भी बढ़ावा मिलेगा। मथुराधीश मंदिर कॉरिडोर, मुकुंदरा, रामगढ़ अभयारण्य और एयरपोर्ट के विकास से पर्यटन को नई गति मिलेगी। इसके साथ ही कोटा-बूंदी में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक के औद्योगिक कॉरिडोर से जुड़े कार्य भी आगे बढ़ रहे हैं।

भावी पीढ़ियों को मिलेगा लाभ

लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय खिलाड़ियों की सफलता पूरे देश का गौरव बढ़ाती है। कोटा के बच्चों में भी खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें बेहतर माहौल, प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने की है।

उन्होंने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की पहल पर बन रहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और एक्वाटिक सेंटर इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इन सुविधाओं का लाभ वर्तमान खिलाड़ियों के साथ आने वाली पीढ़ियों को भी मिलेगा। कोटा के युवा अपने शहर में रहकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखा सकेंगे।

राजस्थानी स्थापत्य और आधुनिक वास्तुकला का होगा संगम

प्रस्तावित क्रिकेट स्टेडियम अपनी आधुनिक खेल सुविधाओं के साथ स्थापत्य कला के लिए भी विशेष पहचान बनाएगा। इसमें राजस्थान की समृद्ध संस्कृति और आधुनिक वास्तुकला का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। राजस्थानी स्थापत्य के मेहराब, छज्जे, झरोखे और रंग-बिरंगी पगड़ियों से प्रेरित स्टैंड की आकर्षक छतें इसकी सुंदरता बढ़ाएंगी।

देश-विदेश के खिलाड़ियों को यहां आधुनिक खेल सुविधाओं के साथ राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी।

क्रिकेट स्टेडियम में होंगी अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं

स्टेडियम में आधुनिक प्लेयर्स पवेलियन, ड्रेसिंग रूम, वीआईपी एवं कॉरपोरेट बॉक्स, मीडिया गैलरी, टीवी प्रोडक्शन और अत्याधुनिक ब्रॉडकास्टिंग सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

बीसीसीआई के मानकों के अनुरूप क्रिकेट मैदान तैयार होगा। इसमें छह नई पिचें, खिलाड़ियों के लिए अलग प्रैक्टिस ग्राउंड, सिंथेटिक ट्रैक और रात्रिकालीन मुकाबलों के लिए चार विशाल फ्लडलाइट लगाई जाएंगी। खिलाड़ियों से लेकर दर्शकों तक सभी की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

ओलंपिक मानकों के अनुरूप बनेगा एक्वाटिक सेंटर

क्रिकेट के साथ तैराकी के क्षेत्र में भी कोटा को नई पहचान दिलाने के लिए अत्याधुनिक एक्वाटिक सेंटर विकसित किया जाएगा। इसमें ओलंपिक मानकों के अनुरूप 50 मीटर लंबा और 25 मीटर चौड़ा ऑल वेदर कवर्ड स्विमिंग पूल बनाया जाएगा। इससे खिलाड़ी मौसम की परवाह किए बिना सालभर अभ्यास कर सकेंगे।

इसके अलावा बच्चों के लिए अलग स्विमिंग पूल, 300 से 400 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, आधुनिक जिम, एरोबिक्स, योग और बहुउद्देशीय हॉल जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे तैराकी के क्षेत्र में स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे।

कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन, पंकज मेहता, पं. गोविंद शर्मा, महापौर अनुसुइया गोस्वामी, उप महापौर विवेक राजवंशी, केडीए आयुक्त बचनेश अग्रवाल, क्रिकेट एसोसिएशन अध्यक्ष मनोज शर्मा, सचिव सत्यप्रकाश बालिता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, खिलाड़ी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *