मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार सुशासन एवं जनकेंद्रित प्रशासन को मजबूत बनाने और आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने मंगलवार को शासन सचिवालय में राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 की कार्यप्रणाली एवं प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में मुख्य सचिव ने जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने, शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि दर बढ़ाने तथा हेल्पलाइन की सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं सुगम बनाने के निर्देश दिए।
दो माह में 7.58 लाख से अधिक शिकायतों का निस्तारण
समीक्षा बैठक में बताया गया कि राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन पर सितंबर माह में दर्ज 4 लाख 16 हजार 608 शिकायतों में से 4 लाख 13 हजार 637 का निस्तारण किया गया। वहीं, अक्टूबर माह में दर्ज 3 लाख 66 हजार 44 शिकायतों में से 3 लाख 44 हजार 567 शिकायतों का समाधान किया गया।
इस प्रकार दोनों महीनों में कुल 7 लाख 58 हजार 204 शिकायतों का निस्तारण हुआ। शिकायतों के समाधान की औसत अवधि 10 दिन रही। सितंबर माह में शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि दर 69.93 प्रतिशत और अक्टूबर में 67.54 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि समग्र संतुष्टि दर 65.69 प्रतिशत रही।
केंद्र सरकार के जनशिकायत पोर्टल के प्रकरणों का भी निस्तारण
केंद्र सरकार के जनशिकायत पोर्टल (सीपीग्राम) के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की भी समीक्षा की गई। सितंबर माह में प्राप्त 5 हजार 310 प्रकरणों में से 5 हजार 157 तथा अक्टूबर माह में प्राप्त 4 हजार 568 प्रकरणों में से 3 हजार 910 का निस्तारण किया गया।
शिकायत निस्तारण में इन तीन विभागों का प्रदर्शन रहा बेहतर
बैठक में मई से अक्टूबर तक छह माह की अवधि में शिकायत निस्तारण के दौरान शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि दर के आधार पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले तीन विभागों की प्रगति प्रस्तुत की गई।
इनमें जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने 82.59 प्रतिशत संतुष्टि दर दर्ज की। महिला एवं बाल विकास विभाग के समेकित बाल विकास सेवा निदेशालय की संतुष्टि दर 78.55 प्रतिशत तथा खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की संतुष्टि दर 75.83 प्रतिशत रही।
इन विभागों में शिकायतों के निस्तारण की औसत अवधि क्रमशः 7, 13 और 11 दिन रही।
शिकायतों के श्रेणीकरण में सुधार के निर्देश
मुख्य सचिव ने पंचायती राज, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), माध्यमिक शिक्षा, अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड और राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतों की श्रेणीवार समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित विभागों को शिकायतों के मौजूदा श्रेणीकरण की समीक्षा कर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतें सही विभाग तक पहुंचना जरूरी है, ताकि उनका समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
कार्मिकों के प्रशिक्षण से सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर
मुख्य सचिव ने राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 के कार्मिकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान शिकायत पंजीकरण की प्रक्रिया को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने कार्मिकों को निर्देश दिए कि शिकायत दर्ज करते समय संबंधित विभाग और विषय की सही श्रेणी का चयन सुनिश्चित करें। साथ ही, श्रेणीकरण में आवश्यक बदलाव एवं सुधार के संबंध में संबंधित अधिकारियों को समय पर अवगत कराएं।
उन्होंने कहा कि इन सुधारों से शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया अधिक सुगम और प्रभावी बनेगी तथा आमजन को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकेंगी।
