केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बुधवार को बीकानेर के राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय में आयुर्वेद कॉस्मेटोलॉजी इकाई का शुभारंभ किया। इस इकाई का उद्देश्य आयुर्वेद के प्रमाण-आधारित उपचारों के माध्यम से त्वचा, बालों और समग्र स्वास्थ्य एवं सौंदर्य से जुड़ी समस्याओं का उपचार तथा स्वास्थ्य संवर्धन करना है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने विद्यार्थियों से आयुर्वेद के मूल सिद्धांतों का गहन अध्ययन करने और प्राचीन ज्ञान को आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ समझने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को मानव कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की यह पहल आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाओं के विस्तार, नवाचार, अनुसंधान और गुणवत्तापूर्ण आयुर्वेद शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
आयुर्वेद भारतीय चिकित्सा परंपरा की महत्वपूर्ण धरोहर
कार्यक्रम में स्वामी विमर्शानंद महाराज ने आयुर्वेद की प्राचीन परंपरा और भारतीय चिकित्सा पद्धति के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने जीवन में आयुर्वेद की उपयोगिता बताते हुए चिकित्सा क्षेत्र में समर्पण और सेवाभाव के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक अनुसंधान का होगा समन्वय
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद मिश्रा ने कॉस्मेटोलॉजी इकाई की आवश्यकता और कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस इकाई का उद्देश्य पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान और आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान के समन्वय से गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाना है।
महाविद्यालय के द्रव्यगुण विभागाध्यक्ष डॉ. के.सी. अरोड़ा ने आयुर्वेद में त्वचा एवं बालों से संबंधित रोगों के प्रमाण-आधारित उपचारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस इकाई के माध्यम से त्वचा और बालों के विभिन्न विकारों के लिए आयुर्वेद आधारित उपचार एवं परामर्श सेवाएं संचालित की जा रही हैं।
नवप्रवेशित बीएएमएस विद्यार्थियों के लिए आयोजित हुआ आयुर्प्रवेशिका कार्यक्रम
इस अवसर पर महाविद्यालय में नवप्रवेशित बीएएमएस विद्यार्थियों के लिए आयुर्प्रवेशिका कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा, उसके मूल सिद्धांतों और चिकित्सा क्षेत्र में सेवा एवं समर्पण के महत्व से परिचित कराया गया।
