राजस्थान फाउंडेशन के 51 चैप्टर, प्रवासियों से जुड़ाव होगा मजबूत

👁 2 Views

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार देश-विदेश में बसे प्रवासी राजस्थानियों को अपनी मातृभूमि और जड़ों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। पिछले तीन वर्षों में प्रवासियों के लिए अलग विभाग का गठन, राजस्थान फाउंडेशन के नए चैप्टर, जिलों में प्रवासी प्रकोष्ठ, प्रवासी राजस्थानी दिवस और देश-विदेश में प्रवासी मीट जैसे कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

राजस्थान फाउंडेशन का नेटवर्क अब बढ़कर 51 चैप्टर तक पहुंच गया है। इनमें 25 राष्ट्रीय और 26 अंतरराष्ट्रीय चैप्टर शामिल हैं। वर्ष 2023 में फाउंडेशन के केवल 12 चैप्टर थे, जो क्रियाशील भी नहीं थे। राज्य सरकार ने इन सभी को सक्रिय करने के साथ ही पिछले तीन वर्षों में 39 नए चैप्टर गठित किए हैं।

28 नए चैप्टर गठित, 11 के गठन की प्रक्रिया शुरू

राजस्थान फाउंडेशन द्वारा प्रवासी राजस्थानियों के साथ जुड़ाव मजबूत करने के लिए चैप्टर नेटवर्क का लगातार विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 16 अक्टूबर 2026 को आयोजित प्रवासी राजस्थानी संवाद कार्यक्रम में 11 नए चैप्टर गठित करने की घोषणा की थी। इन सभी के गठन और अध्यक्षों के मनोनयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने प्रवासी राजस्थानी दिवस-2025 पर 14 नए चैप्टर गठित करने की घोषणा की थी। राजस्थान फाउंडेशन ने इन सभी 14 चैप्टर का गठन कर उन्हें क्रियाशील कर दिया है। इनमें 9 अंतरराष्ट्रीय और 5 राष्ट्रीय चैप्टर शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 14 नए चैप्टर का गठन भी किया जा चुका है।

राजस्थान फाउंडेशन के इस विस्तार से दुनियाभर में बसे प्रवासी राजस्थानियों के साथ संवाद, समन्वय और सहभागिता को नई गति मिलेगी। इसके माध्यम से प्रवासी समुदाय को प्रदेश के सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक और निवेश संबंधी विकास कार्यों से जोड़ा जाएगा।

चैप्टर नेटवर्क के जरिए सांस्कृतिक आदान-प्रदान, निवेश प्रोत्साहन, कौशल एवं तकनीकी सहयोग, शिक्षा, पर्यटन और समाजसेवा के क्षेत्रों में भी नई संभावनाएं विकसित होंगी।

26 अंतरराष्ट्रीय चैप्टर से जुड़ा वैश्विक नेटवर्क

राजस्थान फाउंडेशन के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जोहान्सबर्ग (दक्षिण अफ्रीका), मनामा (बहरीन), कुवैत सिटी (कुवैत), मस्कट (ओमान), कुआलालंपुर (मलेशिया), बैंकॉक (थाईलैंड), हांगकांग, ऑकलैंड (न्यूजीलैंड), टोरंटो (कनाडा), दुबई (यूएई), दोहा (कतर), रियाद (सऊदी अरब), लंदन (यूके), न्यूयॉर्क (अमेरिका), सिंगापुर, टोक्यो (जापान), मेलबर्न (ऑस्ट्रेलिया), काठमांडू (नेपाल), कंपाला (युगांडा), म्यूनिख (जर्मनी) और नैरोबी (केन्या) में चैप्टर क्रियाशील हैं।

इसके अलावा सैन फ्रांसिस्को (अमेरिका), ज्यूरिख (स्विट्जरलैंड), मिलान (इटली), डबलिन (आयरलैंड) और नॉर्डिक क्षेत्र (स्वीडन, डेनमार्क, नॉर्वे और फिनलैंड) में नए चैप्टर की घोषणा की जा चुकी है।

25 राष्ट्रीय चैप्टर से देशभर में मजबूत संपर्क

देश के विभिन्न राज्यों में राजस्थान फाउंडेशन के चैप्टर फरीदाबाद (हरियाणा), तिरुवनंतपुरम (केरल), लुधियाना (पंजाब), वाराणसी (उत्तर प्रदेश), गंगटोक (सिक्किम), मुंबई (महाराष्ट्र), अहमदाबाद और सूरत (गुजरात), इंदौर (मध्य प्रदेश), पुणे (महाराष्ट्र), दिल्ली, रांची (झारखंड), कोलकाता (पश्चिम बंगाल), बेंगलुरु (कर्नाटक), चेन्नई और कोयंबटूर (तमिलनाडु), हैदराबाद (तेलंगाना), भुवनेश्वर (ओडिशा) और गुवाहाटी (असम) में संचालित हैं।

इसके अतिरिक्त रायपुर (छत्तीसगढ़), लखनऊ (उत्तर प्रदेश), पटना (बिहार), सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल), पणजी (गोवा) और विशाखापट्टनम (आंध्र प्रदेश) में नए चैप्टर की घोषणा की जा चुकी है।

8 से 10 दिसंबर तक होगा दूसरा प्रवासी राजस्थानी दिवस

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट-2024 में 10 दिसंबर को प्रतिवर्ष प्रवासी राजस्थानी दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इसी क्रम में दूसरा प्रवासी राजस्थानी दिवस 8 से 10 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा।

तीन दिवसीय आयोजन के तहत 8 दिसंबर को झुंझुनूं के खेतड़ी स्थित अभयगढ़ में शेखावाटी हेरिटेज मीट आयोजित होगी। 9 दिसंबर को जयपुर के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में प्रवासी सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा।

वहीं, 10 दिसंबर को जयपुर के जेईसीसी में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। इस आयोजन के माध्यम से देश-विदेश में बसे प्रवासी राजस्थानियों को अपनी मातृभूमि से जुड़ने, प्रदेश के विकास में भागीदारी निभाने और निवेश की संभावनाओं को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।

👁 2 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *