7 सितंबर 2026
मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास से सोमवार को एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) की कंट्री डायरेक्टर (इंडिया) सुश्री मियो ओका ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राजस्थान में एडीबी के सहयोग से संचालित और प्रस्तावित विभिन्न परियोजनाओं, आगामी पांच वर्षों में साझेदारी को मजबूत करने तथा नए क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में एडीबी की ओर से जयपुर मेट्रो परियोजना, राजस्थान अर्बन लाइवेलिहुड इम्प्रूवमेंट प्रोजेक्ट (RULIP) और PRITHWI परियोजना के लिए सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
एडीबी कंट्री डायरेक्टर मियो ओका ने राजस्थान के साथ आगामी पांच वर्षों में दीर्घकालीन और व्यापक साझेदारी के तहत राज्य में लगभग 2 बिलियन अमेरिकी डॉलर की परियोजनाओं को सहयोग प्रदान करने की प्रतिबद्धता जताई। इस दौरान राज्य की बदलती विकास आवश्यकताओं के अनुरूप नई परियोजनाओं की पहचान और उनके शीघ्र क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई।
सिंचाई और नवीकरणीय ऊर्जा सहित नए क्षेत्रों में सहयोग
एडीबी की ओर से राजस्थान में सहयोग के लिए सिंचाई, नवीकरणीय ऊर्जा और एसेट मोनेटाइजेशन जैसे क्षेत्रों में नई परियोजनाएं विकसित करने का सुझाव दिया गया। राज्य की प्राथमिकताओं के अनुरूप इन क्षेत्रों में परियोजनाओं की पहचान कर एडीबी के सहयोग से उन्हें आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की गई।
मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने एडीबी के सहयोग से राज्य में संचालित परियोजनाओं के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि आगामी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के साथ-साथ राजस्थान की विकास प्राथमिकताओं के अनुरूप नए क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता है।
एडीबी कंट्री डायरेक्टर ने राजस्थान में नागरिक सुविधाओं में सुधार, आधारभूत ढांचे के विकास और आर्थिक प्रगति को गति देने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में आयोजना विभाग के शासन सचिव डॉ. रवि कुमार सुरपुर, विशिष्ट शासन सचिव वित्त (बजट) श्रीमती शिवांगी स्वर्णकार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और एडीबी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
