Headlines

जयपुर में Blinkit डार्क स्टोर पर कार्रवाई, 800 पैकेट डेयरी उत्पाद समेत खराब खाद्य सामग्री नष्ट

👁 2 Views

10 सितंबर

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेंद्र सिंह खींवसर के निर्देशन में प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। अभियान के तहत ऑनलाइन फूड एवं ग्रोसरी डिलीवरी प्लेटफॉर्म के स्टोर्स और वेयरहाउस की भी सघन जांच की जा रही है।

इसी क्रम में जयपुर के आदर्श नगर स्थित ब्लिंकिट के डार्क स्टोर पर केंद्रीय दल ने औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान करीब 800 पैकेट डेयरी उत्पाद सहित बड़ी मात्रा में खराब और अवधि पार खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई गई।

कोल्ड स्टोरेज का तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस

प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्रीमती गायत्री राठौड़ के निर्देश तथा आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण श्री अविचल चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में संयुक्त आयुक्त श्री विजय प्रकाश शर्मा की मौजूदगी में केंद्रीय टीम ने फतेह टीबा, आदर्श नगर स्थित ब्लिंकिट वेयरहाउस (डार्क स्टोर) का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कोल्ड स्टोरेज में खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण के लिए निर्धारित तापमान मानकों का गंभीर उल्लंघन पाया गया। जिन खाद्य पदार्थों को 5 डिग्री सेल्सियस से कम तापमान पर रखा जाना चाहिए था, उन्हें जिस कोल्ड स्टोरेज में रखा गया था, वहां तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस पाया गया।

निर्धारित तापमान से अधिक तापमान पर खाद्य सामग्री रखे जाने के कारण इनके असुरक्षित या दूषित होने की आशंका को देखते हुए खाद्य कारोबारकर्ता की सहमति से करीब 800 पैकेट मिल्क प्रोडक्ट मौके पर ही नष्ट करवाए गए।

बटर, जूस और दूध समेत कई उत्पाद मिले खराब

निरीक्षण के दौरान करीब 24 पैकेट अमूल बटर, 60 बोतल बॉम्बे बंटा जूस, लो-फैट दूध के 11 पाउच, ट्रॉपिकाना जूस, काउ घी का पैकेट तथा करीब 1,400 मिलीलीटर अमूल टोंड मिल्क सहित क्षतिग्रस्त और अवधि पार खाद्य सामग्री पाई गई। विभागीय टीम ने इन सभी खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट करवा दिया।

स्टोर में स्वच्छता व्यवस्था में भी गंभीर कमियां

निरीक्षण के दौरान डार्क स्टोर और कोल्ड रूम के आसपास पान मसाला एवं जर्दा थूकने के निशान पाए गए। दीवारों पर भी गंदगी और थूक के निशान मिले। खाद्य सामग्री रखने के लिए लगाए गए कई लोहे के रैक टूटे हुए, गंदे और जंग लगे पाए गए।

डार्क स्टोर में एयर कर्टेन भी नहीं लगा हुआ था। डस्टबिन के स्थान पर खुली प्लास्टिक की बाल्टी का इस्तेमाल किया जा रहा था। खाद्य हैंडलर्स के मेडिकल परीक्षण संबंधी रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं मिले और खाद्य हैंडलर्स द्वारा ग्लव्स का उपयोग नहीं किया जा रहा था।

इसके अलावा डीप फ्रिज में पानी भरा हुआ मिला और कुछ खाद्य उत्पाद क्षतिग्रस्त स्थिति में पाए गए। अधिकारियों ने स्टोर प्रबंधन को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, तापमान नियंत्रण और स्वच्छता व्यवस्था में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए।

तीन खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए केंद्रीय दल के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मिल्क, फूड घी और पेपरबोट कार्बोनेटेड वाटर के एक-एक सैंपल खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत लिए। इन सैंपलों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

जांच रिपोर्ट में किसी प्रकार की मिलावट पाए जाने या खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने की स्थिति में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत संबंधित फर्म और ऑनलाइन कंपनी के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिष्ठान को जारी होगा इम्प्रूवमेंट नोटिस

निरीक्षण के दौरान सामने आई विभिन्न कमियों के संबंध में संबंधित प्रतिष्ठान को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया जाएगा।

विभाग ने स्पष्ट किया कि ऑनलाइन माध्यम से खाद्य पदार्थों की डिलीवरी करने वाले स्टोर्स और वेयरहाउस पर भी खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का पालन अनिवार्य है। उपभोक्ताओं तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री पहुंचाना संबंधित खाद्य कारोबारियों की जिम्मेदारी है।

👁 2 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *