बालेसर के दो बूथों पर 22 नवंबर को पुनर्मतदान

👁 1 Views

पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जोधपुर जिले की पंचायत समिति बालेसर के दो मतदान केंद्रों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण मतगणना परिणाम प्रदर्शित नहीं हो सके। इस पर राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग ने संबंधित सदस्य पदों के लिए पुनर्मतदान कराने के आदेश जारी किए हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग के आदेश के अनुसार पंचायत समिति बालेसर के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 03 के बूथ संख्या 15 तथा निर्वाचन क्षेत्र संख्या 10 के बूथ संख्या 63 पर 20 नवंबर को निर्धारित मतगणना के दौरान ईवीएम में तकनीकी खराबी आ गई थी। इसके चलते संबंधित सदस्य पदों के परिणाम घोषित नहीं हो सके।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी से प्राप्त रिपोर्ट और उसमें वर्णित तथ्यों का परीक्षण करने के बाद आयोग ने पाया कि तकनीकी खराबी के कारण प्रदर्शित नहीं हो सके मतों की संख्या निकटतम प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवारों के बीच मतों के अंतर से अधिक है।

इसके बाद राजस्थान पंचायतीराज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 48ए के तहत प्राप्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आयोग ने दोनों मतदान केंद्रों पर संबंधित सदस्य पदों के लिए हुए मूल मतदान को शून्य घोषित कर 22 नवंबर को पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया है।

22 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोनों मतदान केंद्रों पर 22 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। इसी दिन रात 9 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। पुनर्मतदान के लिए मतदान दल 21 नवंबर को जिला मुख्यालय से संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे।

जिला परिषद सदस्यों के लिए मतगणना जिला मुख्यालय पर तथा पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतगणना संबंधित पंचायत समिति मुख्यालयों पर आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार करवाई जाएगी।

अभ्यर्थियों और मतदाताओं को सूचना देने के निर्देश

आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारी को पुनर्मतदान की तिथि, समय और स्थान की सूचना संबंधित उम्मीदवारों अथवा उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं को लिखित रूप में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

इसके साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में ढोल बजवाकर अथवा अन्य प्रचार माध्यमों से व्यापक सूचना प्रसारित करने को कहा गया है। पुनर्मतदान से संबंधित जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, पंचायत समिति, संबंधित मतदान केंद्रों के नोटिस बोर्ड और निर्वाचन क्षेत्र के अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी चस्पा की जाएगी।

पुनर्मतदान में अमिट स्याही का होगा नया निशान

आयोग ने स्पष्ट किया है कि पुनर्मतदान में केवल संबंधित मतदान केंद्रों पर मतदान के लिए अधिकृत मतदाता ही अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

मूल मतदान के दौरान मतदाताओं की अंगुली पर लगाया गया अमिट स्याही का निशान पुनर्मतदान के लिए मान्य नहीं होगा। पुनर्मतदान के दौरान मतदाताओं के बाएं हाथ की मध्यमा अंगुली पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अमिट स्याही लगाई जाएगी।

आवश्यकता पड़ने पर ईवीएम में उपयोग किए जाने वाले मतपत्र और निविदत्त मतपत्र नए सिरे से मुद्रित करवाए जा सकेंगे। इनके मुद्रण में मूल मतदान के दौरान मुद्रित मतपत्रों के अगले क्रमांक का उपयोग किया जाएगा।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि राजस्थान पंचायतीराज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 48ए के उपनियम (3) के तहत मूल मतदान के लिए लागू प्रावधान पुनर्मतदान में भी यथावत लागू रहेंगे।

इसके अतिरिक्त, मूल मतदान में इस्तेमाल की गई ईवीएम को सील करके सुरक्षित अभिरक्षा में रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *