तनोट में CM भजनलाल ने BSF महिला जवानों संग मनाई भाई-दूज

👁 1 Views

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को जैसलमेर स्थित तनोट माता मंदिर परिसर में आयोजित भाई-दूज समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की महिला जवानों ने मुख्यमंत्री को रक्षा सूत्र बांधे। मुख्यमंत्री ने उनसे संवाद कर भाई-दूज पर्व की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाई-दूज का पर्व भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और एक-दूसरे की सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने उन बहनों की भावनाओं को नमन किया, जिनके भाई अपने परिवारों से दूर रहकर देश की सीमाओं की सुरक्षा का दायित्व निभा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बीएसएफ देश की संप्रभुता, अखंडता और राष्ट्रीय स्वाभिमान का सशक्त प्रहरी है। जवान दिन-रात, गर्मी-सर्दी की परवाह किए बिना सीमाओं पर मुस्तैद रहकर राष्ट्र की सुरक्षा करते हैं। हमारी बेटियां भी देश की सुरक्षा में अपनी क्षमता, साहस और समर्पण का परिचय दे रही हैं। बीएसएफ की महिला जवानों ने कठिन परिस्थितियों में अपनी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और अदम्य साहस से नई मिसाल कायम की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना और बीएसएफ के जवानों ने अदम्य पराक्रम का परिचय दिया। केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के मार्गदर्शन में सीमा सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाओं तथा प्रभावी समन्वय पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्मार्ट बॉर्डर की परिकल्पना के अनुरूप सीमा सुरक्षा व्यवस्था का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि घुसपैठ के कारण सीमावर्ती क्षेत्रों में जनसांख्यिकीय परिवर्तन हो रहे हैं। देश को घुसपैठ मुक्त बनाने के लिए मजबूत तंत्र विकसित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में घुसपैठ की समस्या की जड़ों पर प्रहार करते हुए स्थायी समाधान की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में सीमावर्ती क्षेत्रों में आधारभूत संरचना के विकास के लिए आवंटित बजट में 400 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।

मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार जवानों की सुरक्षा, सम्मान, सुविधाओं और कल्याण में कोई कमी नहीं आने देगी। सीमावर्ती क्षेत्रों में पेयजल की समस्या के समाधान के लिए भी पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संकल्प के अनुरूप वाइब्रेंट विलेजेज कार्यक्रम के माध्यम से देश के अंतिम गांवों को प्रथम गांव के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत पलायन रोकने, रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। राजस्थान में वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम-2 के तहत बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर और श्रीगंगानगर जिलों के 184 सीमावर्ती गांवों को विकास के लिए चयनित किया गया है।

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन, 350 से अधिक महाविद्यालयों में स्थापित हुए नई किरण केंद्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2029 तक नशामुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन किया गया है। इसके साथ ही 350 से अधिक महाविद्यालयों में नई किरण नशामुक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने विजय स्तंभ पर पुष्पचक्र अर्पित कर राष्ट्र की सुरक्षा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर विधायक श्री छोटू सिंह भाटी, सीमा सुरक्षा बल राजस्थान फ्रंटियर के महानिरीक्षक डॉ. विकास पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में बीएसएफ के जवान उपस्थित रहे।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *