Headlines

CM ने जन सेवा अभियान की समीक्षा की

👁 1 Views

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि विकसित भारत-जन सेवा अभियान का उद्देश्य जनसेवा, सामाजिक सरोकार एवं सुशासन की भावना को सुदृढ़ करना, जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा किसानों, महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने तथा अधिक से अधिक पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने पर ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को विकसित भारत-जन सेवा अभियान को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की। उन्होंने अभियान के माध्यम से सरकार की योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों एवं नागरिक सेवाओं की जानकारी अंतिम छोर तक पहुंचाने तथा जनभागीदारी को और मजबूत करने के निर्देश दिए।

‘सेवा सेतु अभियान’ अब 28 सितंबर तक

मुख्यमंत्री ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में संचालित ‘सेवा सेतु अभियान’ को तीन दिवस बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं तथा नागरिक सेवाओं का स्थानीय स्तर पर लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान अब 28 सितंबर तक प्रदेशभर में संचालित होगा।

इन शिविरों में योजनाओं की जानकारी, पंजीयन एवं लाभ वितरण के साथ नागरिक सेवाओं की प्रदायगी तथा लंबित प्रकरणों एवं परिवेदनाओं के निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री ने आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए अधिकारियों को सड़क, स्वास्थ्य, बिजली एवं पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के सख्त निर्देश दिए।

उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मौसमी बीमारियों की प्रभावी रोकथाम एवं उपचार के लिए आवश्यक तैयारियां करने तथा पर्याप्त दवाओं एवं संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सुविधाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित चिकित्सा अधिकारियों एवं कार्मिकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

ऑनलाइन संकल्प पत्र में राजस्थान देशभर में अव्वल

बैठक में बताया गया कि विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत प्रदेशभर में 383 रक्तदान शिविरों का आयोजन कर 15 हजार से अधिक यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। राज्य में 37 हजार से अधिक ऑनलाइन संकल्प पत्र भरे गए, जो देशभर में सर्वाधिक हैं।

अभियान के तहत आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में करीब 30 लाख परिवारों ने दीप प्रज्वलित किए। वहीं, ‘मेरे सपनों का भारत-चित्रसेवा’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित 17 हजार 730 कार्यक्रमों में 13 लाख 40 हजार से अधिक विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों ने भाग लिया।

‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत आयोजित 660 शिविरों में 2 लाख 25 हजार से अधिक आमजन ने भागीदारी की। वहीं, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत अब तक आयोजित 20 हजार 406 कार्यक्रमों में 18 लाख 55 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने सहभागिता की।

प्रदेशभर में 12 प्रमुख कार्यक्रम एवं गतिविधियां

उल्लेखनीय है कि विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत प्रदेशभर में 12 प्रमुख कार्यक्रम एवं गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनमें ‘आशीर्वाद का दीया’, रक्तदान शिविर, ‘मेरे सपनों का भारत-चित्रसेवा’, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ तथा ‘सुशासन सेवा संवाद’ शामिल हैं।

दीपावली से पहले दुरुस्त हों सड़कें, सफाई एवं बिजली व्यवस्था

बैठक में मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दीपावली से पूर्व सड़कों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय शासन विभाग को शहरों में साफ-सफाई सहित आमजन से जुड़ी अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार करने के लिए निर्देशित किया।

मुख्यमंत्री ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी प्रदेशभर में बिजली की निर्बाध एवं सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास सहित संबंधित विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव, शासन सचिव एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *