विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को अजमेर जिले के वरुण सागर रोड स्थित पुलिस चौकी के सामने आयोजित कार्यक्रम में लवकुश उद्यान से आनासागर पुलिस चौकी तक सड़क निर्माण कार्य तथा वरुण सागर रोड के विभिन्न क्षतिग्रस्त पैनलों के पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इन कार्यों का निर्माण सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा करवाया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री देवनानी ने कहा कि प्रत्येक वार्ड का समग्र एवं सुव्यवस्थित विकास उनका मुख्य ध्येय है। जनप्रतिनिधि के रूप में क्षेत्र की आवश्यकताओं को समझकर उनका समयबद्ध समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य पूरा होने से आसपास की कॉलोनियों के निवासियों के साथ-साथ समीपवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों और पुष्कर आने-जाने वाले लोगों को भी सुगम एवं सुरक्षित यातायात की सुविधा मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को इसका लाभ शीघ्र मिल सके।
श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क निर्माण एवं अन्य विकास कार्य करवाए गए हैं। इसके साथ ही क्षेत्र में सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य निरंतर जारी हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल करते हुए हाथीखेड़ा में 20 करोड़ रुपये की लागत से बालिका सैनिक स्कूल का निर्माण किया जा रहा है। वहीं, वरुण सागर झील एवं चौरसियावास तालाब के सौंदर्यीकरण एवं पुनरुद्धार के लिए भी करोड़ों रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि अजमेर शहर को सुंदर, स्वच्छ एवं बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य किए जा रहे हैं। अशोक उद्यान से अंबेडकर चौराहे तक सौंदर्यीकरण के कार्य करवाए जा रहे हैं, जिससे शहर में प्रवेश करने वाले आगंतुकों को बेहतर वातावरण एवं सुखद अनुभव मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि अजमेर में लेपर्ड सफारी, साइंस पार्क सहित विभिन्न पर्यटन विकास परियोजनाओं पर कार्य जारी है। साथ ही मल्टीपर्पज स्टेडियम, कन्वेंशन सेंटर एवं शिक्षण संस्थानों से जुड़े विकास कार्य भी शहर के विकास को नई गति प्रदान करेंगे।
श्री देवनानी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। अजमेर मेडिकल कॉलेज में 240 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़े इन विकास कार्यों से अजमेर उत्तर क्षेत्र के साथ-साथ पूरे अजमेर शहर के विकास को नई गति मिलेगी।
