दिया कुमारी ने महिला एवं बाल विकास योजनाओं की समीक्षा की

👁 1 Views

उप मुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास तथा बाल अधिकारिता मंत्री श्रीमती दिया कुमारी की अध्यक्षता में सोमवार को शासन सचिवालय में महिला एवं बाल विकास विभाग (आईसीडीएस निदेशालय एवं महिला अधिकारिता निदेशालय) तथा बाल अधिकारिता विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव, बाल अधिकारिता श्री दिनेश कुमार, शासन सचिव महिला एवं बाल विकास श्रीमती पूनम, बाल अधिकारिता आयुक्त श्री निकया गोहाएन तथा आईसीडीएस निदेशक श्री वासुदेव मालावत उपस्थित रहे। इस दौरान तीनों निदेशालयों एवं विभागों की विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

उप मुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी ने आईसीडीएस एवं महिला अधिकारिता निदेशालय की बजट घोषणाओं, योजनाओं और परियोजनाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आंगनबाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण एवं सुविधाओं के विस्तार पर जोर

उप मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों की मरम्मत, सुदृढ़ीकरण एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया। बैठक में विभागीय उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रदेश के कुल 62,121 आंगनबाड़ी केंद्रों में से 99.78 प्रतिशत नियमित रूप से संचालित हो रहे हैं, जबकि राष्ट्रीय औसत 95 प्रतिशत है। प्रदेश के 25 जिलों में आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन शत-प्रतिशत है।

प्रमुख उपलब्धियां इस प्रकार हैं:

  • नंद घर योजना: 7,500 केंद्रों के लक्ष्य के विरुद्ध अनिल अग्रवाल फाउंडेशन के सहयोग से 4,085 केंद्र विकसित किए जा चुके हैं।
  • प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY): 2.53 लाख के लक्ष्य के मुकाबले 2,66,089 लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया है। योजना के तहत 96.79 करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं।
  • किशोरी योजना: प्रदेश के 27 आकांक्षी ब्लॉकों में संचालित इस योजना से 50 हजार से अधिक किशोरियां लाभान्वित हुई हैं।
  • डिजिटलीकरण: फेस रिकग्निशन सिस्टम (FRS) के माध्यम से टेक होम राशन (THR) वितरण का प्रतिशत 94.54 रहा है। वहीं APAAR ID निर्माण में राजस्थान 34.27 प्रतिशत उपलब्धि के साथ 31.92 प्रतिशत के राष्ट्रीय औसत से आगे है।
  • आधारभूत सुविधाएं: 99.24 प्रतिशत आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल सुविधा उपलब्ध है। 2,287 केंद्रों की मरम्मत पूरी की जा चुकी है।
  • जीर्णोद्धार: 3,800 आंगनबाड़ी केंद्रों के जीर्णोद्धार के लिए 145.18 करोड़ रुपये के तकमीने तैयार किए गए हैं।
  • विद्युतीकरण: 1,204 आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली कनेक्शन उपलब्ध करवाए गए हैं।

बैठक में केंद्रांश के 83.85 प्रतिशत उपयोग की जानकारी भी दी गई। उप मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों में खिलौना बैंक स्थापित करने, प्रत्येक अमावस्या को PAM बैठक आयोजित करने तथा मुख्यमंत्री शिशु-वात्सल्य सदन से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

महिला अधिकारिता योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

उप मुख्यमंत्री ने महिला अधिकारिता निदेशालय की लाडो प्रोत्साहन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और बजट घोषणाओं की समीक्षा करते हुए इनके प्रभावी संचालन एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया।

बजट घोषणा 2026-27 के तहत STRI योजना

STRI योजना के अंतर्गत एक लाख बालिकाओं एवं महिलाओं को आत्मरक्षा, मनोवैज्ञानिक परामर्श, कानूनी जानकारी तथा साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

केंद्र प्रवर्तित योजनाओं की प्रगति

  • बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ: वर्ष 2026-27 में 1,619 गतिविधियों के माध्यम से 5,18,795 लोगों को लाभान्वित किया गया। वर्तमान कार्यकाल में कुल 3,498 गतिविधियों के माध्यम से 16,08,172 प्रतिभागियों तक पहुंच बनाई गई।
  • वन स्टॉप सेंटर (सखी): प्रदेश के 41 जिलों में 52 केंद्र संचालित हैं। वर्तमान कार्यकाल में 25,899 महिलाओं को सहायता प्रदान की गई। वर्ष 2026-27 के लिए स्वीकृत 8.27 करोड़ रुपये में से 7.63 करोड़ रुपये यानी 92.26 प्रतिशत व्यय किए गए।
  • महिला हेल्पलाइन 181: वर्तमान कार्यकाल में 26,924 प्रकरणों में महिलाओं को त्वरित सहायता उपलब्ध करवाई गई।

राज्य की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति

  • लाडो प्रोत्साहन योजना: 320 करोड़ रुपये के बजट प्रावधान में से 161.05 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं। प्रथम किस्त में 95.01 प्रतिशत तथा द्वितीय किस्त में 94.50 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई।
  • महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र: प्रदेश में 266 केंद्र संचालित हैं। प्राप्त 92,746 प्रकरणों में से 91,164 का निस्तारण किया जा चुका है।
  • पन्नाधाय केंद्र: 8.09 लाख स्कूली बालिकाओं को परामर्श प्रदान किया गया है।
  • मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना: 3,951 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं तथा 417.97 करोड़ रुपये के ऋण उपलब्ध करवाए गए हैं।
  • कौशल विकास: RS-CIT के तहत 75,448, RS-CFA के तहत 5,004 तथा RS-CSEP के तहत 3,557 महिलाओं एवं बालिकाओं को लाभान्वित किया गया।
  • कौशल सामर्थ्य एवं शिक्षा सेतु: कौशल सामर्थ्य योजना में 17,435 तथा शिक्षा सेतु योजना के तहत 1,04,090 ड्रॉपआउट बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ा गया।
  • अमृता हाट: अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 तक प्रदेश में 19 मेलों का आयोजन किया जाएगा।
  • सामूहिक विवाह योजना: 1,913 जोड़ों को लाभान्वित किया गया है।
  • वर्क फ्रॉम होम योजना: 56,285 रोजगार अवसर सृजित किए गए, जिनमें से 8,483 महिलाओं को रोजगार मिला है।
  • साथिन योजना: प्रदेश में स्वीकृत 11,272 पदों में से 10,911 पर साथिन कार्यरत हैं।

बाल अधिकारिता विभाग की योजनाओं एवं आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा

उप मुख्यमंत्री ने बाल गृहों में निवासरत बच्चों के सर्वांगीण विकास, कौशल संवर्धन एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में बाल अधिकारिता विभाग को निम्नलिखित दिशा-निर्देश दिए गए:

  • कौशल विकास: जोधपुर स्थित कौशल केंद्र का पुनर्संचालन कर इसे राज्य स्तरीय केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। 18 से 21 वर्ष आयु वर्ग के विधि से संघर्षरत बच्चों (CICL) एवं देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों (CNCP) को प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन एवं होटल प्रबंधन जैसे व्यावसायिक प्रशिक्षण दिए जाएं। इसके लिए राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम (RSLDC) को निजी कौशल विश्वविद्यालयों के साथ समन्वय करने के निर्देश दिए गए।
  • आधारभूत संरचना: 14 जिलों में बाल देखरेख संस्थानों (CCI) के नवीन भवनों के प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजे गए हैं। नए किशोर न्याय बोर्ड (JJB) एवं बाल कल्याण समितियों (CWC) के कार्यालयों के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) से समन्वय करने के निर्देश दिए गए। CICL एवं CNCP बच्चों के लिए पृथक आवासीय गृह तथा सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।
  • बजट एवं योजनाओं का क्रियान्वयन: वर्ष 2024-25 के राजकीय आवासीय विद्यालयों को शीघ्र शुरू करने, ‘सरस्वती हाफ-वे होम’ से संबंधित पत्रावली आगे बढ़ाने तथा कॉर्पस फंड से जुड़े मामलों का एक सप्ताह में निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
  • प्रशासनिक सुधार: लंबित वेतन प्रकरणों का निस्तारण करने, आयोग, CWC एवं JJB में रिक्त पदों को भरने के लिए अतिरिक्त मुख्य सचिव स्तर पर समन्वय करने तथा FCRA संबंधी विवरण साझा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में उप मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सभी योजनाओं एवं बजट घोषणाओं का निर्धारित समयसीमा में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा महिलाओं, बालिकाओं एवं बच्चों के कल्याण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *