Headlines

गलथनी स्कूल में नए कक्षा-कक्षों का शिलान्यास

👁 1 Views

पशुपालन एवं डेयरी, गोपालन व देवस्थान विभाग मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने रविवार को समग्र शिक्षा अभियान के तहत ग्राम पंचायत गलथनी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधाओं के विस्तार के लिए चार कक्षा-कक्ष एवं एक विज्ञान कक्ष का शिलान्यास किया। निर्माण कार्य समग्र शिक्षा अभियान के तहत करीब 60 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने विद्यालय में बनने वाले नए कक्षा-कक्षों एवं विज्ञान कक्ष को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे विद्यालय में अध्ययन-अध्यापन के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध होगा तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने से विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर राज्य सरकार द्वारा महिलाओं, युवाओं एवं सर्वजन के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई तथा आमजन से इनका लाभ उठाने का आह्वान किया गया।

इन विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया गया। इनमें गलथनी सार्वजनिक चौराहे पर 10 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय रामनगर में 5 लाख रुपये की लागत से टिन शेड निर्माण, ग्राम पंचायत भवन की चारदीवारी का 13.04 लाख रुपये की लागत से निर्माण, गलथनी में चार कक्षा-कक्ष एवं एक विज्ञान कक्ष का 65 लाख रुपये की लागत से निर्माण तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग की गलथनी संपर्क सड़क के 500 मीटर हिस्से का 40 लाख रुपये की लागत से निर्माण शामिल है।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *