- नगर निगम जयपुर के 150 वार्डों की मतगणना के लिए 15 कक्षों में 150 टेबलें निर्धारित
- बिना अधिकृत प्रवेश पत्र के मतगणना केंद्र में प्रवेश वर्जित
- 2 नगर परिषद एवं 16 नगर पालिकाओं के लिए 18 मतगणना कक्षों में 120 टेबलों की व्यवस्था
जयपुर, 13 सितम्बर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत नगर निगम जयपुर सहित जिले की विभिन्न नगर परिषदों एवं नगर पालिकाओं के वार्डों की मतगणना के लिए निर्धारित स्थलों पर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
नगर निगम जयपुर के 150 वार्डों की मतगणना श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी, सीकर रोड, जयपुर में होगी। ईवीएम संग्रहण एवं मतगणना कार्य के लिए यहां कुल 15 मतगणना कक्षों में 150 टेबलें निर्धारित की गई हैं।
नगर निगम जयपुर के वार्ड 1 से 150 तक की मतगणना संबंधित विधानसभा क्षेत्र एवं वार्ड क्रमांक के अनुसार निर्धारित मतगणना कक्षों में की जाएगी। विद्याधर नगर, झोटवाड़ा, सांगानेर, बगरू, मालवीय नगर, सिविल लाइन्स, किशनपोल, आदर्श नगर, हवामहल एवं आमेर क्षेत्र के वार्डों के लिए निर्धारित कक्षों में मतगणना टेबलों की व्यवस्था की गई है।
18 मतगणना कक्षों में 120 टेबलें
जिले की 2 नगर परिषद एवं 16 नगर पालिकाओं की मतगणना के लिए संबंधित नगरीय निकाय क्षेत्रों में निर्धारित विद्यालयों एवं अन्य स्थलों पर 18 मतगणना कक्षों में कुल 120 टेबलें निर्धारित की गई हैं।
इनमें कानोता के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में 7, वाटिका के पंडित दीनदयाल उपाध्याय सामुदायिक केंद्र में 9, जमवारामगढ़ के पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 9, मनोहरपुर के पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 6 तथा शाहपुरा के श्री कल्याण सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 10 टेबलें निर्धारित हैं।
इसी प्रकार फागी में 4, दूदू में 8, सांभरलेक में 5, चाकसू में 6, कालाडेरा में 5, चौमूं में 9, खेजरोली में 5, बस्सी में 7, नरायना में 5, जोबनेर में 5, किशनगढ़-रेनवाल में 5, बगरू में 7 तथा फुलेरा में 8 टेबलों की व्यवस्था की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने संबंधित अधिकारियों को मतगणना शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मतगणना स्थलों पर सुरक्षा, कार्मिकों की तैनाती, ईवीएम एवं लैपटॉप संग्रहण सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय सुनिश्चित करने को कहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना अधिकृत प्रवेश पत्र के किसी भी व्यक्ति को मतगणना केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
