Headlines

मतदान दिवस पर आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करें

👁 2 Views

— जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक

8 सितंबर

नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत मतदान दिवस पर स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने सभी राजनीतिक दलों एवं अभ्यर्थियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

उन्होंने कहा कि मतदाताओं को बिना किसी दबाव, परेशानी या बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है। राजनीतिक दल एवं अभ्यर्थी निर्वाचन ड्यूटी में लगे अधिकारियों के साथ सहयोग करें और अपने अधिकृत कार्यकर्ताओं को उचित पहचान-पत्र उपलब्ध कराएं।

मतदाताओं को दी जाने वाली पहचान पर्चियां सादे सफेद कागज पर होंगी। इन पर्चियों पर किसी राजनीतिक दल, अभ्यर्थी या चुनाव चिह्न का उल्लेख नहीं किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदान दिवस और उससे पहले के 48 घंटों के दौरान शराब का वितरण या पेशकश नहीं की जा सकेगी। मतदान केंद्रों के आसपास लगाए गए चुनावी कैम्पों पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने दी जाएगी, ताकि किसी भी तरह के तनाव या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।

उन्होंने राजनीतिक दलों एवं अभ्यर्थियों को प्रतिद्वंद्वी दलों के सदस्यों, नेताओं या अभ्यर्थियों के पुतले लेकर चलने, उन्हें सार्वजनिक रूप से जलाने अथवा ऐसे प्रदर्शनों का समर्थन करने से भी बचने के निर्देश दिए।

वाहनों के संबंध में निर्धारित निर्वाचन नियमों की पालना करते हुए संबंधित अधिकारियों से परमिट प्राप्त करना अनिवार्य होगा। परमिट को वाहन पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करना होगा।

मतदान केंद्र से 200 मीटर की परिधि में चुनावी कैम्प नहीं लगाया जा सकेगा। वहीं मतदान केंद्र और उसकी 100 मीटर की परिधि में मतयाचना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। कार्यकर्ताओं को भी इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

अधिकृत परमिट वाले वाहनों में केवल अभ्यर्थी, उनके परिवारजन, निर्वाचन एजेंट और उनके परिवार के सदस्यों को ही ले जाने की अनुमति होगी। कार्यकर्ताओं द्वारा अपने परिवार के अलावा अन्य मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने-ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं का प्रतिरूपण यानी किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर मतदान करने के प्रयास से भी पूरी तरह बचने के निर्देश दिए हैं।

संदेश नायक ने सभी राजनीतिक दलों एवं अभ्यर्थियों से निर्वाचन प्रक्रिया की गरिमा बनाए रखने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और आदर्श आचार संहिता की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।

👁 2 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *