जयपुर पंचायत चुनाव: 71.81% मतदान

👁 2 Views

पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जयपुर जिले में चतुर्थ एवं अंतिम चरण में शनिवार को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिले की चार पंचायत समितियों—बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ एवं आंधी के 82 पंचायत समिति निर्वाचन क्षेत्रों तथा जिला परिषद के 13 निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 71.81 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पंचायत समिति-वार आंकड़ों में तूंगा 72.77 प्रतिशत मतदान के साथ पहले स्थान पर रहा।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिला कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि चारों पंचायत समितियों एवं जिला परिषद के संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 4 लाख 7 हजार 280 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 2 लाख 92 हजार 452 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

पंचायत समिति-वार मतदान के आंकड़े

अंतिम आंकड़ों के अनुसार आंधी में 91 हजार 16 मतदाताओं में से 63 हजार 817 ने मतदान किया। यहां 70.12 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। बस्सी में 1 लाख 29 हजार 159 मतदाताओं में से 93 हजार 462 ने मतदान किया, जिससे मतदान प्रतिशत 72.36 रहा।

इसी प्रकार जमवारामगढ़ में 1 लाख 22 हजार 890 मतदाताओं में से 88 हजार 444 ने वोट डाले और मतदान प्रतिशत 71.97 दर्ज किया गया। वहीं, तूंगा में 64 हजार 215 मतदाताओं में से 46 हजार 729 ने मतदान किया। यहां जिले में सर्वाधिक 72.77 प्रतिशत मतदान हुआ।

समय के साथ बढ़ता रहा मतदान प्रतिशत

मतदान के दौरान जारी आंकड़ों के अनुसार सुबह 10 बजे तक 15.25 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 34.56 प्रतिशत और अपराह्न 3 बजे तक 51.28 प्रतिशत मतदान हुआ। शाम 6 बजे तक मतदान प्रतिशत बढ़कर 70.60 हो गया। अंतिम आंकड़ों में कुल मतदान 71.81 प्रतिशत दर्ज किया गया।

15 नवंबर को होंगे पंच-सरपंच चुनाव के नामांकन

चतुर्थ चरण के तहत बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ एवं आंधी पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में पंच एवं सरपंच पदों के लिए 15 नवंबर को सुबह 8 बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद 16 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना की जाएगी।

उपसरपंच पद के लिए चुनाव 17 नवंबर को होगा। वहीं, सभी चरणों के जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों की मतगणना 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से की जाएगी।

👁 2 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *