जयपुर में चौथे चरण के पंचायत चुनाव की तैयारियां पूरी

👁 1 Views

आम चुनाव के तहत जयपुर जिले में चतुर्थ चरण के मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चतुर्थ चरण के लिए शुक्रवार, 13 नवंबर को मतदान दल अंतिम प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी परिसर से अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे।

मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण प्रातः 9 बजे से आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान मतदान कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया, ईवीएम के संचालन, बैलेट पेपर तथा निर्वाचन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण संपन्न होने के बाद मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री एवं अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाकर संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। मतदान दलों की सुविधा के लिए वाहन पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि चतुर्थ चरण में जयपुर जिले की चार पंचायत समितियों बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ एवं आंधी में जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य तथा पंच-सरपंच पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।

इस चरण में कुल 140 ग्राम पंचायतों के 446 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें पंचायत समिति बस्सी की 42 ग्राम पंचायतों के लिए 145, तूंगा की 24 ग्राम पंचायतों के लिए 74, जमवारामगढ़ की 42 ग्राम पंचायतों के लिए 129 तथा आंधी की 32 ग्राम पंचायतों के लिए 98 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

14 नवंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चतुर्थ चरण के तहत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए शनिवार, 14 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा।

वहीं, पंच एवं सरपंच पदों के लिए रविवार, 15 नवंबर को नामांकन प्रक्रिया संपन्न होगी। इसके बाद सोमवार, 16 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना की जाएगी। उपसरपंच पद के लिए मंगलवार, 17 नवंबर को चुनाव आयोजित होगा। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए सभी चरणों की मतगणना शुक्रवार, 20 नवंबर को की जाएगी।

निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के निर्देश

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मतदान दलों की रवानगी, निर्वाचन सामग्री वितरण, परिवहन एवं प्रशिक्षण सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय पर और सुव्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी निर्वाचन कार्मिकों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *