जयपुर, 6 सितंबर 2026। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जयपुर जिले में मतदान दिवस के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी (म्युनिसिपल) संदेश नायक ने मतदान में अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए यह आदेश जारी किया है।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार प्रथम चरण में 9 सितंबर 2026 (बुधवार) को नगर परिषद शाहपुरा एवं चौमूं तथा नगरपालिकाओं बगरू, चाकसू, जोबनेर, किशनगढ़-रेनवाल, फुलेरा, सांभर, बस्सी, दूदू, जमवारामगढ़, कालाडेरा, कानोता, खेजरोली, मनोहरपुर, नारायणा, फागी एवं वाटिका में सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
वहीं द्वितीय चरण में 11 सितंबर 2026 (शुक्रवार) को नगर निगम जयपुर के क्षेत्र में सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
आदेश के अनुसार, मतदान दिवस के साथ-साथ जिन क्षेत्रों में पुनर्मतदान कराया जाएगा, वहां पुनर्मतदान की तिथि को भी संबंधित मतदान क्षेत्र में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि संबंधित क्षेत्र के मतदाता बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जयपुर जिले के नगरीय निकाय निर्वाचन क्षेत्रों में स्थित औद्योगिक एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों को मतदान दिवस पर सवैतनिक अवकाश दिया जाना सुनिश्चित किया गया है। इससे कर्मचारी स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से मतदान कर सकेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित प्रावधानों के तहत कर्मचारियों को सवैतनिक अवकाश नहीं देने वाले संबंधित नियोजकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
