पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिला प्रमुख एवं उप जिला प्रमुख के निर्वाचन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने जिला परिषद सभागार पहुंचकर निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राजस्थान पंचायतीराज अधिनियम, 1994 तथा राजस्थान पंचायतीराज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 59, 61 एवं 62 में निर्धारित प्रावधानों और राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रमुख एवं उप जिला प्रमुख के निर्वाचन को विधिसम्मत, निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं।
उन्होंने बताया कि अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित सदस्यों में से प्रत्येक अभ्यर्थी निर्धारित प्रपत्र 4ख में संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र प्रस्तुत करेगा। नामांकन पत्र पर अभ्यर्थी और जिला परिषद के एक निर्वाचित सदस्य (प्रस्तावक) के हस्ताक्षर होना अनिवार्य है। नामांकन पत्र अभ्यर्थी या उसका प्रस्तावक निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर प्रस्तुत कर सकेगा।
निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लेने वाले सदस्यों को अपना निर्वाचन प्रमाण-पत्र तथा आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र या अन्य फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ लाना होगा।
जिला प्रमुख एवं उप जिला प्रमुख निर्वाचन कार्यक्रम
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के कार्यक्रम के अनुसार जिला प्रमुख एवं उप जिला प्रमुख के निर्वाचन की प्रक्रिया क्रमशः 25 और 26 नवंबर 2026 को जिला परिषद जयपुर के सभागार में आयोजित होगी। दोनों दिन बैठक पूर्वाह्न 10 बजे शुरू होगी।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11 बजे तक नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। दोपहर 1 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी। इसके तुरंत बाद चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
यदि मतदान आवश्यक हुआ तो दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
