JPMIA में 300 हेक्टेयर का होगा विस्तार

👁 0 Views

राजस्थान में दिल्ली-मुंबई औद्योगिक कॉरिडोर (DMIC) परियोजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे जोधपुर-पाली-मारवाड़ औद्योगिक क्षेत्र (JPMIA) को आधुनिक एवं एकीकृत औद्योगिक टाउनशिप के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह राजस्थान की अपनी तरह की विशिष्ट परियोजना है, जिसमें औद्योगिक निवेश के साथ आवासीय, वाणिज्यिक, संस्थागत एवं सामाजिक सुविधाओं का समग्र विकास किया जाएगा। राज्य सरकार इस महत्वाकांक्षी परियोजना को गति देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

इसी क्रम में गुरुवार को उद्योग भवन में रीको के प्रबंध निदेशक श्री सुरेश कुमार ओला की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जोधपुर-पाली-मारवाड़ औद्योगिक क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति, निवेशकों की उत्साहजनक प्रतिक्रिया तथा क्षेत्र के उत्तरी भाग के नियोजित एवं त्वरित विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में रीको सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि रीको द्वारा पाली जिले के रोहट में JPMIA-SIR के अंतर्गत एकीकृत औद्योगिक टाउनशिप विकसित की जा रही है। इस टाउनशिप की योजना पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप तैयार की गई है। यहां उद्योगों के सुचारु संचालन और दीर्घकालिक विकास के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का नियोजित विकास किया जा रहा है।

परियोजना के तहत औद्योगिक इकाइयों के साथ वाणिज्यिक, आवासीय एवं संस्थागत गतिविधियों के लिए भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही श्रमिकों एवं अन्य कार्मिकों की आवासीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सामाजिक एवं अन्य जरूरी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इस प्रकार टाउनशिप उद्योगों, उद्यमियों, श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए एक समग्र एवं सुव्यवस्थित औद्योगिक इकोसिस्टम उपलब्ध कराएगी।

उत्तरी क्षेत्र में 300 हेक्टेयर से अधिक भूमि विकसित करने की योजना

प्रथम चरण में विकसित क्षेत्र के प्रति उद्यमियों एवं निवेशकों, विशेषकर विदेशी निवेशकों की उत्साहजनक रुचि को देखते हुए टाउनशिप के उत्तरी भाग में 300 हेक्टेयर से अधिक अतिरिक्त क्षेत्र विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। व्हाइट एवं ग्रीन श्रेणी के उद्योगों की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए यहां मुख्य रूप से पर्यावरण अनुकूल एवं कम प्रदूषणकारी उद्योगों के लिए भूखण्ड विकसित किए जाएंगे।

इसके अलावा कार्यबल की आवासीय जरूरतों और वेयरहाउसिंग जैसी सहायक गतिविधियों के लिए भी पर्याप्त प्रावधान किए जाएंगे। इससे क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने के साथ संतुलित एवं समेकित औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

उत्तरी क्षेत्र की विस्तृत योजना को शीघ्र अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद प्रस्तावित विकास कार्यों का विस्तृत लागत आकलन तैयार कर EPC आधार पर कार्य करवाने के लिए RFP आमंत्रित की जाएगी। विकास कार्य पूरे होने के बाद इस क्षेत्र के भूखण्डों का आवंटन प्रचलित भूमि निस्तारण नीति के अनुसार किया जाएगा।

20 नवंबर तक निवेशक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

JPMIA के प्रथम चरण में औद्योगिक एवं सामाजिक सुविधाओं, जैसे मोटल और रेस्टोरेंट आदि के लिए भूखण्डों का प्रत्यक्ष आवंटन शुरू कर दिया गया है। प्रथम चरण में विकसित क्षेत्र में औद्योगिक भूखण्ड प्राप्त करने के इच्छुक निवेशक 20 नवंबर, 2026 तक निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

पहले राउंड में आवंटन के लिए कुल 30 भूखण्ड उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अतिरिक्त आगामी दूसरे राउंड में और अधिक भूखण्ड आवंटन के लिए खोले जाएंगे।

आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्य प्रगति पर

परियोजना के प्रथम चरण में प्रमुख सड़कों एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं का विकास कार्य तेजी से किया जा रहा है। जल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए राजीव गांधी लिफ्ट कैनाल से परियोजना स्थल तक जलापूर्ति व्यवस्था विकसित करने का कार्य प्रगति पर है।

वहीं, निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड द्वारा कांकाणी से परियोजना की सीमा तक डबल-बे लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। रीको द्वारा विकास कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि परियोजना का विकास निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।

जोधपुर-पाली-मारवाड़ औद्योगिक क्षेत्र का नियोजित विकास पश्चिमी राजस्थान में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय निवेशकों को आकर्षित करने, स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करने और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

👁 0 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *