लूणी में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा

👁 1 Views

जोधपुर जिले के लूणी विधानसभा क्षेत्र में जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग (PHED), राजस्व विभाग एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक सोमवार को पंचायत समिति सभागार, लूणी में संसदीय कार्य मंत्री श्री जोगाराम पटेल की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

बैठक में संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में प्रदेश में पेयजल के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने जल जीवन मिशन के तहत लगभग 15.11 लाख ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचाने का कार्य किया है।

उन्होंने बताया कि ‘कर्मभूमि से मातृभूमि’ अभियान के तहत भूजल रिचार्ज के लिए 17,438 जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अंतिम गांव और ढाणी तक समुचित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

अभियान चलाकर अवैध कनेक्शन काटने के निर्देश

श्री पटेल ने अधिकारियों को क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों को बदलने, क्षेत्र के ट्यूबवेल एवं हैंडपंप की रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा मांग के अनुरूप आकस्मिक (कंटेंजेंसी) जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा करने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने क्षेत्र में सुचारु जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही, अभियान चलाकर अवैध जल कनेक्शनों को काटने को कहा।

मंत्री ने पाइपलाइन लीकेज को दुरुस्त करने तथा सीडब्ल्यूआर एवं एसआर की भराव क्षमता और तकनीकी रूप से भराव में लगने वाले समय की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीडब्ल्यूआर, एसआर एवं जीएलआर की नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *