नई दिल्ली। 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF-2026) के तहत प्रगति मैदान में राजस्थान दिवस के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। राजस्थान पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक संगीत, लोक नृत्य और कलात्मक विरासत की शानदार झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य आवासीय आयुक्त श्री रोहित कुमार के मुख्य आतिथ्य में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर राजस्थान पवेलियन के निदेशक श्री हर्ष शर्मा, पर्यटन विभाग की डिप्टी डायरेक्टर श्रीमती दीपाली शर्मा, डिप्टी डायरेक्टर आईटी श्री छत्रपाल यादव और टूरिस्ट ऑफिसर श्री मनोज शर्मा उपस्थित रहे।
लोक नृत्य और पारंपरिक संगीत ने मोहा मन
सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत गणेश वंदना और डीग के श्री मन्नू शर्मा की चरकुला नृत्य प्रस्तुति से हुई। इसके बाद जैसलमेर के श्री हयात खां लंगा ने खड़ताल वादन और गायन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
कार्यक्रम में किशनगढ़ की सुश्री अरुशिका ने चरी नृत्य, अलवर के श्री जाकिर खान मेवाती ने भपंग वादन और नई दिल्ली के श्री सुरेश व्यास ने भवाई नृत्य प्रस्तुत किया।
अजमेर की सुश्री रिया कंवर ने घूमर, चूरू के श्री गोपाल गिला ने चंग ढप नृत्य और बाड़मेर के श्री गजेंद्र बानिया ने गैर नृत्य की प्रस्तुति दी। वहीं जोधपुर के श्री सोहन ने कालबेलिया नृत्य तथा डीग के श्री विष्णु शर्मा ने मयूर नृत्य और फूलों के नृत्य से दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम का संचालन दौसा के श्री अशोक शर्मा ने किया।
राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत को मिला अंतरराष्ट्रीय मंच
मुख्य आवासीय आयुक्त श्री रोहित कुमार ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों, व्यापारियों और आगंतुकों को राजस्थान की विविधतापूर्ण लोक संस्कृति, पारंपरिक कलाओं, संगीत और नृत्य शैलियों से रूबरू होने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि यह सांस्कृतिक संध्या राजस्थान की गौरवशाली विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने के साथ प्रदेश के पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
