चुनाव ड्यूटी से गायब 4 वाहन मालिकों को नोटिस

👁 2 Views

पंचायतीराज आम चुनाव के तहत निर्वाचन कार्य के लिए अधिग्रहित वाहनों को निर्धारित ड्यूटी पर उपलब्ध नहीं कराने तथा निर्वाचन कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने के मामलों में प्रादेशिक परिवहन प्राधिकार, जयपुर (प्रथम) ने चार वाहन मालिकों को नोटिस जारी किए हैं। संबंधित वाहन मालिकों को तीन कार्य दिवस में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे पूर्व भी इसी प्रकार के मामलों में तीन अन्य वाहनों के परमिट निलंबित किए जा चुके हैं।

प्रादेशिक परिवहन प्राधिकार, जयपुर (प्रथम) के सचिव श्री चम्पालाल ने बताया कि पंचायतीराज चुनाव कार्य के लिए अधिग्रहित किए गए चार वाहनों में वाहन संख्या RJ 14 TF 0977 (मारुति टूर एस एसटीडी), वाहन मालिक संजय कुमार मीणा, वाहन संख्या RJ 14 PD 3774 (टाटा 407 स्टारबस), वाहन मालिक रघुवीर सिंह (स्टेज कैरिज परमिट), वाहन संख्या RJ 14 TG 7802 (हुंडई ऑरा), वाहन मालिक अशोक कुमार यादव (ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट) तथा वाहन संख्या RJ 14 PG 1906 (टाटा बस), वाहन मालिक भरत धाबाई (संविदा वाहन परमिट) शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि अधिग्रहण के बाद संबंधित वाहन मालिकों द्वारा स्वेच्छा से वाहन अन्यत्र ले जाने, फोन कॉल रिसीव नहीं करने, वाहन खराब होने तथा निर्वाचन ड्यूटी पर अनुपस्थित रहने के कारण चुनाव कार्य प्रभावित हुआ। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी (यातायात) द्वारा संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा की गई थी।

सचिव ने बताया कि चारों वाहन मालिकों को नोटिस जारी कर तीन कार्य दिवस में अपना पक्ष रखने एवं स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 86 के तहत संबंधित वाहनों के परमिट निलंबित अथवा निरस्त करने की नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

👁 2 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *