प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के वैशाली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य में विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। इस अवसर पर उन्होंने हजारों करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने बिहारवासियों को एनडीए सरकार के कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर शुभकामनाएं भी दीं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि लोक आस्था के महापर्व छठ के बाद बिहार में विकास का पर्व मनाया जा रहा है। उन्होंने वैशाली की ऐतिहासिक और लोकतांत्रिक विरासत को नमन करते हुए कहा कि बिहार ने पिछले वर्षों में विकास की नई यात्रा शुरू की है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन की दिशा में हुए कार्यों का उल्लेख किया और कहा कि अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनकी टीम इस विकास यात्रा को आगे बढ़ा रही है।
नीतीश सेतु सहित सड़क परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री ने गंगा नदी पर बने दरगाह-बिदुपुर छह लेन केबल ब्रिज को जनता को समर्पित किया। इस पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। उन्होंने कहा कि इससे पटना और वैशाली के बीच आवागमन आसान होगा। किसानों को अपनी फसल, फल, सब्जियां और दुग्ध उत्पाद बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। विद्यार्थियों और बुजुर्गों को भी आवागमन में राहत मिलेगी।
इसके साथ ही औरंगाबाद-चोरदाहा छह लेन हाईवे का लोकार्पण किया गया। प्रधानमंत्री ने बताया कि कई अन्य हाईवे परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया है, जिन पर सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
ऊर्जा और शहरी विकास को मिलेगी गति
प्रधानमंत्री ने बिहार में ऊर्जा क्षेत्र के विस्तार का उल्लेख करते हुए बक्सर थर्मल पावर प्लांट के निर्माण, पीरपैंती थर्मल पावर प्लांट के ट्रांसमिशन सिस्टम के शिलान्यास तथा फुलवरिया बांध पर सोलर ऊर्जा संयंत्र से जुड़े कार्यों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि बिहार में बिजली उत्पादन की क्षमता बढ़ रही है। शहरी परिवहन को बेहतर बनाने के लिए 100 आधुनिक पीएम-ई-बसों को हरी झंडी दिखाई गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हजारों गरीब परिवारों को पक्के मकानों की चाबियां भी सौंपी गईं।
निवेश, रोजगार और कृषि पर सरकार का फोकस
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि एनडीए सरकार के दौरान बिहार में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौते हुए हैं। गया जी में छह हजार करोड़ रुपये की स्टील परियोजना पर काम शुरू हो रहा है। बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा शुरू करने के उद्देश्य से नई गन्ना प्रोत्साहन नीति लाई गई है।
उन्होंने बताया कि किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 11 हजार नए नलकूप लगाने की पहल की गई है। सिंचाई के लिए 12 घंटे बिजली सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया है। वहीं, एक वर्ष में 200 से अधिक नए डिग्री कॉलेज शुरू हुए हैं तथा मां सीता महिला विश्वविद्यालय की स्थापना को मंजूरी दी गई है।
गरीब कल्याण योजनाओं का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से बिहार में गरीब परिवारों तक जनकल्याणकारी सुविधाएं पहुंचाई गई हैं। उनके अनुसार बिहार में 43 लाख परिवारों को पक्के मकान मिले हैं और अगस्त में 11 लाख अतिरिक्त घरों को मंजूरी दी गई। करीब 75 लाख किसानों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि की राशि भेजी गई है।
उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से बिहार की 50 लाख ग्रामीण महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं। प्रधानमंत्री ने मुफ्त राशन, पक्के मकान, स्वास्थ्य सुविधाओं, शौचालय, बिजली और पेयजल योजनाओं को गरीब परिवारों के जीवन में आए बदलाव से जोड़कर प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि देश में पिछले 12 वर्षों के दौरान करोड़ों लोग गरीबी से बाहर आए हैं। प्रधानमंत्री ने इसे सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं और जनभागीदारी का परिणाम बताया।
विकसित और आत्मनिर्भर बिहार का संकल्प
प्रधानमंत्री ने युवाओं के उत्साह और विकास के प्रति उनकी जागरूकता का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार के युवा राज्य की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने सभी एनडीए घटक दलों से मिलकर समर्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर बिहार के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सहित एनडीए के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
