जनसांख्यिकीय बदलावों पर केंद्रीय समिति ने की समीक्षा बैठक

👁 0 Views

केंद्र सरकार की जनसांख्यिकीय परिवर्तन संबंधी उच्चस्तरीय समिति के सदस्यों ने बुधवार को शासन सचिवालय में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास एवं राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में प्रदेश में हो रहे जनसांख्यिकीय बदलावों और उनके प्रभावों पर विस्तृत चर्चा की गई।

समिति की ओर से उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा, पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो के पूर्व महानिदेशक बालाजी श्रीवास्तव तथा प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद की सदस्य डॉ. शमिका रवि शामिल हुए।

विभिन्न विभागों के आंकड़ों की समीक्षा

समिति ने परिवहन, पंजीयन एवं मुद्रांक तथा पुलिस सहित विभिन्न विभागों से प्राप्त आंकड़ों की समीक्षा की। इन आंकड़ों के आधार पर प्रदेश में हो रहे जनसांख्यिकीय परिवर्तनों और उनके संभावित प्रभावों पर विचार-विमर्श किया गया।

जनआधार के तहत 8.09 करोड़ से अधिक निवासियों का रिकॉर्ड

बैठक में राज्य सरकार की सुशासन एवं जनकेंद्रित प्रशासन से जुड़ी पहलों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि जनआधार के अंतर्गत 8.09 करोड़ से अधिक निवासियों के अभिलेख उपलब्ध हैं। इसके साथ ही पहचान सत्यापन की व्यवस्था और समयबद्ध जन्म पंजीकरण में हुए सुधारों से भी समिति को अवगत कराया गया।

184 गांवों के विकास के प्रस्ताव केंद्र को भेजे

बैठक में वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के द्वितीय चरण की प्रगति की जानकारी भी प्रस्तुत की गई। इसके तहत 184 चिह्नित गांवों के विकास तथा शिक्षा, सड़क संपर्क और ग्राम अवसंरचना से संबंधित 101 कार्यों के प्रस्ताव केंद्र सरकार को अनुमोदन के लिए भेजे गए हैं।

बैठक में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह भास्कर आत्माराम सावंत, अतिरिक्त मुख्य सचिव जनजाति क्षेत्रीय विकास कुंजीलाल मीणा, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (आसूचना) प्रफुल्ल कुमार तथा जनगणना कार्य निदेशालय के निदेशक विष्णु चरण मलिक सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

👁 0 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *