Headlines

राजस्व शिविर में पुरानी त्रुटि का समाधान

👁 1 Views

विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों को सरकारी सेवाओं, योजनाओं एवं राजस्व अभिलेखों से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत टांकरड़ा में आयोजित राजस्व शिविर में मीनाक्षी कुमारी के राजस्व रिकॉर्ड में वर्षों से लंबित त्रुटि का मौके पर ही समाधान किया गया।

मीनाक्षी कुमारी के नाम दर्ज खाता संख्या 141 के राजस्व अभिलेख में उनके पति के नाम का इंद्राज नहीं होने के कारण उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं, कृषि सुविधाओं एवं राजस्व संबंधी कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने शिविर प्रभारी एवं तहसीलदार, चौमू के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर समस्या के समाधान का अनुरोध किया।

राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर दस्तावेजों का सत्यापन किया। जांच के बाद खाता संख्या 141 में मीनाक्षी कुमारी के पति मुकेश कुमार चौधरी का नाम नियमानुसार दर्ज कर दिया गया। इस त्वरित कार्रवाई से वर्षों से लंबित राजस्व रिकॉर्ड की त्रुटि का मौके पर ही निराकरण हो गया।

राजस्व अभिलेख में सुधार होने से अब मीनाक्षी कुमारी को अपनी भूमि से जुड़े सरकारी लाभ एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। रिकॉर्ड में सुधार से उन्हें बड़ी राहत मिली। समस्या के त्वरित निराकरण के लिए मीनाक्षी कुमारी ने राजस्थान सरकार तथा शिविर में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *