राजस्थान के पर्यटन स्थलों पर खुलेंगे टूरिस्ट असिस्टेंस फोर्स सेंटर

👁 0 Views

आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधाओं को और मजबूत बनाने के लिए प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर टूरिस्ट असिस्टेंस फोर्स (TAF) सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से राजस्थान पुलिस और पर्यटन विभाग पर्यटकों को सुरक्षा, मार्गदर्शन और आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराएंगे।

पर्यटन स्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को पुलिस के अभय कमांड सेंटर से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, ऑटो और कैब पर विशेष QR कोड लगाए जाएंगे। इन्हें स्कैन करते ही पर्यटकों को सुरक्षा, पर्यटन और आपातकालीन सहायता से जुड़ी आवश्यक जानकारियां एक ही प्लेटफॉर्म पर मिल सकेंगी।

पुलिस मुख्यालय में शुक्रवार को पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कुमार शर्मा की अध्यक्षता में पर्यटक सुरक्षा एवं सुविधाओं को लेकर पुलिस और पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। इसमें गत 2 सितंबर को हुई बैठक के निर्णयों की अनुपालना की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

डीजीपी श्री शर्मा ने कहा कि ‘पधारो म्हारे देश’ की भावना के अनुरूप राजस्थान आने वाले प्रत्येक पर्यटक की सुरक्षा राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने राज्य विशेष शाखा और पर्यटन विभाग को प्रमुख पर्यटन स्थलों का नियमित सुरक्षा ऑडिट करने तथा पर्यटकों से प्राप्त फीडबैक फॉर्म में दर्ज सुझावों एवं शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटकों के फीडबैक के आधार पर सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जाए।

तकनीक से मजबूत होगी पर्यटकों की सुरक्षा

डीजीपी ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन सीजन शुरू हो रहा है। ऐसे में पर्यटकों के साथ बेहतर संवाद और समन्वय आवश्यक है। उन्होंने टूरिस्ट असिस्टेंस फोर्स के जवानों, गार्ड और गाइड को भाषिणी जैसे मोबाइल ऐप डाउनलोड कराने के निर्देश दिए, ताकि वे विदेशी पर्यटकों की भाषा समझकर उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान कर सकें।

उन्होंने TAF कार्मिकों को फ्रेंच सहित अन्य विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया। प्रमुख मेलों में TAF के साथ होमगार्ड की सेवाएं लेने के निर्देश दिए। साथ ही नगर निगम अधिकारियों को पर्यटन स्थलों पर नियमित और समयबद्ध साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए कहा।

बैठक में डीजीपी (ट्रैफिक) श्रीमती मालिनी अग्रवाल ने पर्यटकों एवं पर्यटन स्थलों के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रावधानों और संबंधित विषयों पर अपने विचार रखे।

एकीकृत मोबाइल ऐप पर मिलेगी सभी जरूरी जानकारी

पर्यटन आयुक्त श्रीमती रुक्मणि रियार ने बताया कि विभिन्न देशों के दूतावासों के प्रतिनिधियों ने हाल ही में राजस्थान में पर्यटक सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं की सराहना की है।

उन्होंने बताया कि पर्यटकों की सुविधाओं के विस्तार के लिए पर्यटन विभाग एक एकीकृत मोबाइल ऐप तैयार कर रहा है। इसमें चैटबॉट के साथ राजस्थान पुलिस के राजकॉप ऐप, नीड हेल्प और अन्य आपातकालीन नंबरों की जानकारी उपलब्ध होगी। इससे पर्यटकों को एक ही प्लेटफॉर्म पर पर्यटन संबंधी जानकारी और सुरक्षा सहायता प्राप्त हो सकेगी।

बैठक में पुलिस, पर्यटन विभाग और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

👁 0 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *