युवा राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाएं : देवनानी

👁 0 Views

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि राष्ट्रवादी युवा जागरूक रहें और सक्रिय भूमिका निभाते हुए राष्ट्र विरोधी शक्तियों को मुंहतोड़ जवाब दें। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रवाद की ज्योति जलाए रखें तथा ‘जेन-जी’ के नाम पर भ्रम फैलाने वाली ताकतों से सतर्क रहें। अपनी क्षमताओं का उपयोग राष्ट्रहित में करें, संवाद के माध्यम से आपसी सहमति बनाएं और सकारात्मक तरीके से अपने विचार समाज के सामने रखें।

श्री देवनानी गुरुवार को जयपुर की जनता कॉलोनी स्थित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कार्यालय में आयोजित दीपावली स्नेह मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कार्यालय में नवनिर्मित 25 वॉट के सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण किया तथा आयोजित चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने श्री अजय, महापौर श्री सुनील कोठारी, उप महापौर श्रीमती सरोज कंवर सहित नवनिर्वाचित पार्षदों का शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया। समारोह का शुभारंभ उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

श्री देवनानी ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सनातन संस्कृति में इस पर्व का विशेष महत्व है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम, माता सीता और भरत का चरित्र आज भी प्रासंगिक है। उनका त्याग, समर्पण और सौहार्द मानव जीवन के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सनातन संस्कारों को अपनाना चाहिए। व्यक्ति निर्माण का कार्य संवाद से होता है, इसलिए संवाद की परंपरा को निरंतर बनाए रखना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1950 में लगाया गया परिषद का पौधा आज वटवृक्ष बन चुका है। युवाओं को अपने विचारों और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए तथा वर्तमान परिस्थितियों में नए आयाम स्थापित करते हुए भारत की अखंडता पर कोई आंच नहीं आने देनी चाहिए।

श्री देवनानी ने कहा कि दीपावली भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक पर्व है। यह पर्व हमें अंधकार से प्रकाश, निराशा से आशा और अज्ञान से ज्ञान की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है। ऐसे स्नेह मिलन समारोह सामाजिक आत्मीयता, सांस्कृतिक मूल्यों और संगठनात्मक एकजुटता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रवादी विचारों, विद्यार्थी हितों के प्रति समर्पण और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि युवा शक्ति भारत के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। युवाओं में राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध, सामाजिक उत्तरदायित्व और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति गौरव की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है।

समारोह को परिषद के श्री अश्विनी शर्मा, श्री रोहित जैन, श्री विक्रांत खंडेलवाल, श्री जिनेश जैन और श्री शुभेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर श्री जुगल किशोर, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष श्री अरुण चतुर्वेदी, राजस्थान विश्वविद्यालय के श्री बी.पी. सारस्वत सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अंत में श्री देवनानी ने परिषद के कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और मंगलमय भविष्य की कामना की।

👁 0 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *