उपराष्ट्रपति ने जवाहरलाल दरड़ा की प्रतिमा का किया अनावरण

👁 1 Views

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने महाराष्ट्र के यवतमाल स्थित प्रियदर्शिनी सहकारी सूत गिरणी में स्वतंत्रता सेनानी, राजनेता, पत्रकार एवं लोकमत मीडिया समूह के संस्थापक स्वर्गीय जवाहरलाल दरड़ा की आदमकद कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया।

इससे पहले उपराष्ट्रपति ने यवतमाल स्थित प्रेरणा स्थल पहुंचकर स्वर्गीय जवाहरलाल दरड़ा को पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने बाबूजी के जीवन को देशभक्ति, जनसेवा और समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणादायक यात्रा बताया।

स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में अहम योगदान

उपराष्ट्रपति ने वर्ष 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन सहित स्वतंत्रता संग्राम में जवाहरलाल दरड़ा के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद भी बाबूजी ने राजनेता, जनप्रतिनिधि, मंत्री और पत्रकार के रूप में राष्ट्र की सेवा जारी रखी। महाराष्ट्र के विकास, राष्ट्रीय एकता और सांप्रदायिक सद्भाव को बढ़ावा देने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।

उन्होंने कहा कि दरड़ा ने उद्योग, ऊर्जा, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और सहकारिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए। विशेष रूप से वर्ष 1993 की उनकी ऐतिहासिक औद्योगिक नीति ने महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों में संतुलित औद्योगिक विकास को प्रोत्साहित किया। यवतमाल में सरकारी मेडिकल कॉलेज की स्थापना में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।

सहकारिता और ग्रामीण विकास के प्रेरक उदाहरण

उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रियदर्शिनी सहकारी सूत गिरणी कपास की खेती, वस्त्र निर्माण, रोजगार सृजन और ग्रामीण समृद्धि के बीच मजबूत संबंध का उत्कृष्ट उदाहरण है।

उन्होंने वित्तीय कठिनाइयों से जूझ रही इस संस्था को पुनर्जीवित करने के लिए किसानों, सहकारी सदस्यों, प्रबंधन और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और किसानों को सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

वस्त्र उद्योग के आधुनिकीकरण पर दिया जोर

वस्त्र क्षेत्र से अपने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि इस क्षेत्र में रोजगार सृजन और आर्थिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय व्यापार के बढ़ते अवसरों को देखते हुए उन्होंने वस्त्र निर्यात के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद जताई।

उन्होंने वस्त्र उद्योग की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने के लिए मिलों, मशीनरी, बुनाई, रंगाई और छपाई सुविधाओं के आधुनिकीकरण की आवश्यकता पर बल दिया।

महाराष्ट्र की महान विभूतियों के योगदान को किया याद

उपराष्ट्रपति ने छत्रपति शिवाजी महाराज, डॉ. बी.आर. आंबेडकर और लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक जैसी महान विभूतियों का स्मरण करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वाभिमान, संवैधानिक मूल्यों और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने में महाराष्ट्र का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।

उन्होंने सभी हितधारकों से सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने, किसानों को सशक्त बनाने और ग्रामीण भारत में रोजगार के नए अवसर सृजित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जवाहरलाल दरड़ा की विरासत समावेशी विकास के लिए सामूहिक प्रयासों को निरंतर प्रेरित करती रहेगी।

कई गणमान्य व्यक्ति रहे उपस्थित

कार्यक्रम में महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, वस्त्र एवं उच्च तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल, मृदा एवं जल संरक्षण मंत्री संजय राठौड़, लोकमत मीडिया समूह के अध्यक्ष एवं राज्यसभा के पूर्व सांसद डॉ. विजय दरड़ा, महाराष्ट्र के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं लोकमत मीडिया समूह के प्रधान संपादक राजेंद्र दरड़ा, प्रियदर्शिनी सहकारी स्पिनिंग मिल लिमिटेड के उपाध्यक्ष कीर्ति गांधी सहित दरड़ा परिवार के सदस्य, सहकारिता क्षेत्र के प्रतिनिधि, किसान, कर्मचारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *