खैरथल-तिजारा में 117 करोड़ के विकास कार्य

👁 0 Views

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आने वाले दिनों में खैरथल-तिजारा न केवल राजस्थान, बल्कि देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। दिल्ली-एनसीआर से निकटता, भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र, बेहतर कनेक्टिविटी और डबल इंजन सरकार के प्रयासों से यह क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है। सरकार इसके समग्र विकास, सुगम आवागमन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए आवश्यक सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को खैरथल में आयोजित कार्यक्रम में अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ के विकास से जुड़े 117 करोड़ रुपये की लागत के 95 विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने सहकारिता क्षेत्र में भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए ग्राम पंचायत स्तर तक सहकारी समितियों को सक्रिय किया है। इसी का परिणाम है कि करीब 10 लाख नए सदस्य सहकारिता से जुड़े हैं। पिछले ढाई वर्षों में दूध उत्पादन भी प्रतिदिन 34 लाख लीटर से बढ़कर 47 लाख लीटर हो गया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के साथ राज्य सरकार द्वारा भी किसानों को अतिरिक्त सम्मान निधि दी जा रही है।

खैरथल-तिजारा के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें शामिल हैं—

  • रामजल सेतु लिंक परियोजना के तहत नीमराना बांध पर कार्य शुरू किया जाएगा।
  • 45 मीटर मास्टर प्लान रोड के विकास का कार्य शुरू होगा।
  • तिजारा से हरियाणा सीमा तक फिरोजपुर मार्ग का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
  • जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) में अधिशासी अभियंता का नया पद सृजित किया जाएगा।
  • जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JVVNL) का नया अधिशासी अभियंता कार्यालय स्थापित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। युवाओं को 1.90 लाख सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराने के साथ 1.22 लाख अन्य पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।

लखपति दीदी योजना के तहत महिला लाभार्थियों की संख्या करीब 11 लाख से बढ़कर 19 लाख हो गई है। 57 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों को जोड़ा गया है और उन्हें 928 करोड़ रुपये के ऋण उपलब्ध कराए गए हैं। इसी प्रकार छात्राओं के लिए स्कूटी योजना और छात्रों के लिए यूनिफॉर्म की राशि सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में चार महत्वपूर्ण जल समझौते हुए हैं—रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, नर्मदा जल समझौता और किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना। जल जीवन मिशन के तहत राज्य में 15 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराया गया है। ऊर्जा क्षेत्र में भी व्यापक कार्य किए जा रहे हैं और 26 जिलों के किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।

अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ को विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने सहित पुस्तकालय, पार्क, गौशाला, किसान सेवा केंद्र और खेल मैदानों से जुड़े 72 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इसके साथ ही सड़क, शिक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित 23 विकास कार्यों का उद्घाटन किया गया।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 10 हजार किलोमीटर मिसिंग लिंक सड़कों का निर्माण किया जा चुका है। 327 अटल प्रगति पथों के लिए 813 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 282 कार्य पूरे हो चुके हैं। दिल्ली-हरियाणा क्षेत्र से प्रस्तावित आरआरटीएस को बहरोड़ और आगे कोटपूतली तक विस्तारित करने की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है।

केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में खैरथल क्षेत्र में जिला मुख्यालय, मेडिकल कॉलेज, स्टेडियम और बस स्टैंड जैसी आवश्यक सुविधाओं के विकास पर काम किया जा रहा है। भिवाड़ी के औद्योगिक विकास को पूरे खैरथल जिले से जोड़कर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित किया जा रहा है।

राजस्थान सरकार में वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने राजस्थान की सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों के लिए बिना किसी भेदभाव के बजट उपलब्ध कराया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा घोषित अधिकांश विकास कार्य पूर्ण होने की ओर हैं और कई नए कार्यों का शिलान्यास भी किया जा रहा है।

कार्यक्रम में विधायक महंत बालकनाथ, सुखवंत सिंह, कुलदीप धनकड़, हंसराज पटेल और देवी सिंह शेखावत, अलवर की महापौर सुमनलता अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

👁 0 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *