मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि खैरथल-तिजारा आने वाले समय में न केवल राजस्थान, बल्कि देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। दिल्ली-एनसीआर से निकटता, भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र और बेहतर कनेक्टिविटी के साथ डबल इंजन सरकार के प्रयासों से यह क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है। राज्य सरकार यहां समग्र विकास, सुगम आवागमन और प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण के लिए आवश्यक सुविधाओं का लगातार विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को खैरथल में आयोजित कार्यक्रम में अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ के विकास से संबंधित 117 करोड़ रुपये के 95 कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सहकारिता क्षेत्र में भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए ग्राम पंचायत स्तर तक सहकारी समितियों को सक्रिय किया है। इसके परिणामस्वरूप करीब 10 लाख नए सदस्य सहकारिता से जुड़ चुके हैं। पिछले ढाई वर्षों में दूध का उत्पादन प्रतिदिन 34 लाख लीटर से बढ़कर 47 लाख लीटर हो गया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के साथ राज्य सरकार भी किसानों के हित में अतिरिक्त सम्मान निधि उपलब्ध करा रही है।
खैरथल-तिजारा के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं
- रामजल सेतु लिंक परियोजना के तहत नीमराणा बांध का कार्य शुरू किया जाएगा।
- 45 मीटर मास्टर प्लान सड़क के विकास का कार्य कराया जाएगा।
- तिजारा से फिरोजपुर, हरियाणा सीमा तक सड़क का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
- जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) में नए अधिशासी अभियंता का पद सृजित किया जाएगा।
- जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JVVNL) का नया अधिशासी अभियंता कार्यालय स्थापित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। युवाओं को 1 लाख 90 हजार सरकारी नियुक्तियां देने के अलावा 1 लाख 22 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। लखपति दीदी योजना के तहत लाभार्थी महिलाओं की संख्या करीब 11 लाख से बढ़कर 19 लाख हो गई है। वहीं, 57 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों को जोड़ा गया है और 928 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया है। छात्राओं को स्कूटी योजना तथा विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म की राशि भी सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में चार महत्वपूर्ण जल समझौते हुए हैं। इनमें रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, नर्मदा जल से संबंधित समझौता और किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना शामिल हैं। इसके अलावा, प्रदेश में जल जीवन मिशन के तहत 15 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराया गया है। विद्युत क्षेत्र में भी 26 जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने सहित विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं।
अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ को विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के साथ पुस्तकालय, पार्क, गौशाला, किसान सेवा केंद्र और खेल मैदान सहित 72 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इसके साथ ही सड़क, शिक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित 23 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया।
उन्होंने बताया कि 10 हजार किलोमीटर मिसिंग लिंक सड़कों का निर्माण किया गया है। वहीं, 327 अटल प्रगति पथों के लिए कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनके लिए 813 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। इनमें से 282 कार्य पूर्ण हो चुके हैं। दिल्ली-हरियाणा क्षेत्र से प्रस्तावित आरआरटीएस को बहरोड़ तक लाने और आगे कोटपूतली तक विस्तार देने की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है।
केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में खैरथल क्षेत्र के विकास के लिए जिला मुख्यालय, मेडिकल कॉलेज, स्टेडियम और बस स्टैंड जैसी आवश्यक सुविधाओं से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। भिवाड़ी के औद्योगिक विकास को पूरे खैरथल जिले से जोड़कर क्षेत्र की समग्र प्रगति सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा राजस्थान की सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में बिना किसी भेदभाव के बजट का आवंटन किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की बजट घोषणाओं के तहत अधिकांश कार्य पूर्ण होने की दिशा में हैं तथा अनेक नए कार्यों का शिलान्यास किया जा रहा है।
इस दौरान विधायक महंत बालकनाथ, सुखवंत सिंह, कुलदीप धनकड़, हंसराज पटेल और देवी सिंह शेखावत, अलवर की महापौर सुमनलता अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
